जेल देखने की थी सनक, तो पत्नी को सटा दिया तमंचा, बोला- बाहर आते ही बीवी के लिए लहंगा लाउंगा
इटावा के अहेरीपुर गांव के कोमल सिंह नाम के युवक को जेल देखने की ऐसी सनक लगी कि उसने पत्नी पर ही तमंचा सटा दिया. उसे डराया-धमकाया. फिर, तमंचा और दो जिंदा कारतूस लेकर खुलेआम घूमता रहा.जब पुलिस को इसकी सूचना मिली तो तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया.
आमतौर पर लोग जेल जाने से बचने की कोशिश करते हैं, लेकिन इटावा में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. यहां एक युवक को सेंट्रल जेल देखने की ऐसी सनक सवार हुई कि उसने खुद ही जेल पहुंचने का रास्ता तैयार कर लिया. पहले पत्नी को अवैध तमंचा दिखाकर धमकाया. फिर उसी हथियार के साथ पुलिस चौकी के आसपास घूमने लगा. नतीजा यह हुआ कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
पत्नी को तमंचा सटाने के हथियार के साथ घूमता रहा युवक
मामला बकेवर थाना क्षेत्र के अहेरीपुर गांव का है. ट्रैक्टर चालक 26 वर्षीय कोमल सिंह के पास लंबे समय से 315 बोर का अवैध तमंचा मौजूद था. आरोप है कि उसने अपनी पत्नी संगीता को उसी तमंचे से डराया-धमकाया. इसके बाद वह तमंचा और दो जिंदा कारतूस लेकर खुलेआम घूमता रहा.जब पुलिस को इसकी सूचना मिली तो तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए. पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
‘जेल से छूटने के बाद पत्नी के लिए लहंगा लाउंगा’
लेकिन कहानी में सबसे हैरान करने वाला मोड़ तब आया जब आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लाया गया. यहां उसने मीडिया के सामने जो बयान दिया, उसे सुनकर लोग अवाक रह गए. आरोपी ने कहा कि वह सेंट्रल जेल देखना चाहता था. उसने दावा किया कि अगर वह जेल चला भी जाएगा तो उसकी पत्नी छह महीने के भीतर उसे बाहर निकलवा लेगी. जेल से छूटने के बाद वह अपनी पत्नी के लिए लहंगा लाएगा.
पुलिस ने क्या बताया?
आरोपी के चेहरे पर गिरफ्तारी का कोई पछतावा नहीं दिखा. वह पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने कारनामे का जिक्र करता रहा. उसके बयान सुनकर अस्पताल में मौजूद लोग भी हैरानी जताते नजर आए. बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन मलिक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है. उसके कब्जे से अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है. प्रथम दृष्टया आरोपी नशे का आदी प्रतीत होता है.
अब यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कोई व्यक्ति केवल जेल देखने की इच्छा में ऐसा कदम कैसे उठा सकता है. फिलहाल आरोपी सलाखों के पीछे है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.