हाईवे की रेलिंग तोड़ हवा में लटका ट्रैक्टरों से भरा कंटेनर, बाल-बाल बचे राहगीर; टल गया बड़ा हादसा

मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे NH-2 पर ट्रैक्टरों से भरा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए हवा में लटक गया. चालक की नींद की झपकी के कारण हुए इस हादसे से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि कंटेनर नीचे नहीं गिरा और एक बड़ा हादसा टल गया. पुलिस और राहत टीमों ने क्रेन की मदद से कंटेनर को सुरक्षित निकाला. चालक सुरक्षित है.

रेलिंग तोड़ हाईवे से लटका कंटेनर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ. यहां दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-2) पर ट्रैक्टरों से लदा एक कंटेनर अनियंत्रित हो गया. देखते ही देखते कंटेनर ने हाईवे के साइडवॉल में टक्कर मार दी. इसके बाद साइडवॉल को तोड़ते हुए ऊपर ही लटक गया. हादसे के वक्त फ्लाईओवर के नीचे काफी राहगीर मौजूद थे. गनीमत रही कि यह कंटेनर नीचे नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों ने क्रेन की मदद से कंटेनर को उठाकर हाईवे पर किया है.

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टरों से भरा यह कंटेनर दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था. मथुरा में गोविंद नगर क्षेत्र पहुंचने पर कंटेनर चालक को नींद आने लगी. इसकी वजह से कंटेनर अनियंत्रित हो गया. कंटेनर चालक ने गाड़ी को संभलने की कोशिश की, लेकिन इतने में तेज रफ्तार इस कंटेनर ने फ्लाईओवर पर बने साइडवॉल में टक्कर मार दी. इससे कंटेनर का अगला हिस्सा साइडवॉल को तोड़ते हुए नीचे लटक गया.

मच गई अफरा-तफरी

हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. देखते ही देखते दोनों तरफ की सड़क पर लंबा जाम लग गया. वहीं फ्लाईओवर से नीचे की ओर लटक रहे कंटेनर के अगले हिस्से को देखकर नीचे से गुजर रहे राहगीरों में भी अफरा तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दृश्य बेहद खौफनाक था. ऐसा लग रहा था कि कंटेनर किसी भी पल नीचे गिर जाएगा. हालांकि, ट्रक का पिछला हिस्सा पुल पर फंसे होने के कारण वह नीचे गिरने से बच गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया.

चालक सुरक्षित, राहत कार्य जारी

राहत की बात यह है कि इस घटना में कंटेनर का ड्राइवर पूरी तरह सुरक्षित है. पुलिस ने एहतियात के तौर पर पुल के एक हिस्से पर ट्रैफिक रोक दिया और क्रेन की मदद से लटके हुए वाहन को सुरक्षित वापस खींचने का प्रयास शुरू किया गया है. शुरुआती जांच में हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना या तकनीकी खराबी माना जा रहा है. फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है.

Follow Us