मेरठ में आकांक्षा-शाहवेज की शादी पर ग्रहण, दोनों गायब… घर पर सन्नाटा, महापंचायत भी रुकी
मेरठ इन दिनों हिंदू लड़की आकांक्षा और मुस्लिम युवक शाहवेज की शादी की चर्चा है. शादी कार्ड कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. शादी आज होने वाली है लेकिन दुल्हन के घर पर सन्नाटा पसरा है. हिंदू संगठन इसके विरोध में खड़े हैं. इस मामले ने पूरे शहर में तनाव पैदा कर दिया है.
मेरठ में आकांक्षा गौतम और शाहवेज की अंतरधार्मिक शादी विवादों में घिर गई है. हिंदू संगठनों के विरोध और महापंचायत रद्द होने के बाद दुल्हन के घर पर सन्नाटा पसरा है. न कोई मेहमान नजर आ रहा है और ना ही घर सजा हुआ है. पुलिस ने शादी की अनुमति नहीं दी, जिसके चलते मंडप में कार्यक्रम स्थगित हो गया. इस मामले ने पूरे शहर में तनाव पैदा कर दिया है.
हालांकि आकांक्षा, शाहवेज राणा से शादी की जिद पर अड़ी हुई है जबकि हिंदू संगठन शादी ना कराने की बात पर खड़े हैं. वायरल शादी कार्ड के मुताबिक, आज दोनों की शादी तय थी लेकिन आकांक्षा और शाहवेज गायब हैं. हिंदू संगठनों का कहना था कि मुस्लिम हिंदू लड़कियों को फंसा कर शादी करते हैं. इसका अंत ये होता है कि हिंदू लड़की की हत्या कर दी जाती है.
शाहवेज की जगह शादी कार्ड में ‘शाहिल’ नाम
हालांकि आज होने वाली महापंचायत से ठीक पहले कुछ हिंदूवादी नेताओं को नजरबंद कर दिया गया था. जिसमें कुछ नेता मेरठ और अन्य जिलों के भी शामिल है. पुलिस का कहना है कि स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अनुमति शादी के लिए मांगी गई थी, जिसकी अनुमति नहीं दी गई थी. अगर कोई अराजकता करता है तो पुलिस को सख्त कार्यवाही के आदेश हैं.
दूसरी तरफ इसी शादी का निमंत्रण जो कि लड़के की तरफ से था उसमें लड़के का नाम शाहवेज राणा लिखा हुआ था. लेकिन वायरल कार्ड पर शाहिल लिखा है. हिन्दू संगठन इस मुद्दा को लेकर शादी का विरोध करने लगे. ये शादी आज मेरठ मवाना रोड स्थित पैराडाइज मंडप पर होनी थी. हिंदू संगठनों ने महापंचायत का ऐलान कर दिया था, जो अब रद्द हो गया है.
गंगानगर ई पॉकेट में आकांक्षा के घर पर सन्नाटा
शादी के दिन गंगानगर ई पॉकेट में आकांक्षा के घर पर सन्नाटा पसरा है. न कोई मेहमान ना ही घर में चहल पहल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. इसी के साथ सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी नजर रखी जा रही है.