पत्नी को 8 दिन तक कमरे में कैद रखा, गर्म चिमटे से दागा, अब इंटरनेट पर अश्लील तस्वीरें डाल पति ने लगाई ऑनलाइन बोली

मेरठ में एक पति ने अपनी पत्नी के साथ क्रूरता की हदें पार कर दी. पहले उसके साथ मारपीट की. फिर 8 दिनों तक कैद रखा, गर्म चिमटे से दागा. अब उसके मोबाइल नंबर और अश्लील तस्वीरों पर रेट लिखकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

पति ने पत्नी की अश्लील तस्वीरें कर दी वायरल ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

मेरठ में एक शख्स ने पति-पत्नी के रिश्ते को ही शर्मसार कर दिया. पेशे से रेलवे कर्मचारी पति पर अपनी ही पत्नी को प्रताड़ित करने फिर उसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बदनाम करने का आरोप लगा. अब पीड़ित पत्नी ने पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता देखते हुए एसएसपी की तरफ से सीओ दौराला को विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की. उसके मोबाइल नंबर और अश्लील तस्वीरों पर रेट लिखकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इससे उसकी बदनामी हो रही है. उसे हर दिन अपमानित होना पड़ रहा है. अनजान नंबरों से उसे लगातार अश्लील कॉल और मैसेज आ रहे हैं, जिससे वह और उसका परिवार गहरे सदमे में है.

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक उसकी शादी तीन साल पहले लालकुर्ती थाना क्षेत्र के रहने वाले एक रेलवे कर्मी से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास और ननद ने उसे दहेज और अन्य बातों को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. उसे रोजाना अपमानित किया जाने लगा. उसे एक साल पहले पति ने आठ दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा और गर्म चिमटों से उसके शरीर को भी दागा था.

पीड़िता ने बताया कि रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद वह दोबारा ससुराल में रहने को राजी हुई थी. लेकिन इसके बावजूद भी उत्पीड़न कम नहीं हुआ. ऐसे में वह अपने मायके वापस आ गई. अब उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए उसके पति ने सोशल मीडिया पर उसकी अश्लील तस्वीरें अपलोड कर दीं. तस्वीरों के साथ अभद्र और गंदी टिप्पणियां लिखीं. सबसे शर्मनाक कृत्य करते हुए महिला की कीमत (रेट) लिखकर उसका मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया.