काम पर लौटे CM हेल्पलाइन के कर्मचारी, मुख्यमंत्री के दखल के बाद वेतन बढ़ाने पर सहमति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने CM हेल्पलाइन के कर्मचारियों की शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लिया. उनके दखल के बाद कंपनी ने कर्मचारियों की वेतन वृद्धि पर सहमति दी. सीएम योगी ने उनके कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं. कर्मचारी अब संतुष्ट होकर काम पर लौट आए हैं.

मुख्यमंत्री योदी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

लखनऊ में सीएम हेल्पलाइन 1076 के कर्मचारियों ने वेतन कटौती को लेकर प्रदर्शन किया था. उनका कहना था कि उन्हें 15 हजार रुपये मासिक वेतन का वादा किया गया था, लेकिन केवल 7-8 हजार मिल रहे हैं. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर्मचारियों की शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लिया, जिसके बाद अब सभी कर्मचारियों काम पर लौट आए हैं.

वी विन लिमिटेड कंपनी के करीब 200 कर्मचारियों में अनियमित भुगतान को लेकर विरोध जताया था. साथ ही वेतन में बढ़ोतरी की मांगों को लेकर सीएम कार्यालय की ओर कूच किए थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें रोक लिया था. वहीं, अब सीएम योगी के सख्त दखल के बाद कंपनी ने कर्मचारियों की वेतन वृद्धि पर सहमति दे दी है.

किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए- CM

सीएम योगी ने यूपीडेस्को की प्रबंध निदेशक को निर्देश दिया कि पूरे प्रकरण की गहन समीक्षा कर कंपनी स्तर पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई कराई जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. निर्देश मिलते ही प्रबंध निदेशक यूपीडेस्को ने संबंधित कंपनी के शीर्ष प्रबंधन को स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा गया और उच्चस्तरीय वार्ता शुरू की गई.

मुख्यमंत्री स्तर से हुए सख्त हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन को कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाना पड़ा. कंपनी ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए वेतन वृद्धि पर सहमति दे दी है. साथ ही साथ वी-विन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने CM हेल्पलाइन 1076 के कर्मचारियों के कार्यस्थल की सुविधाओं में सुधार करने पर भी सहमति जताई.

CM के निर्देश पर गंभीरता से समीक्षा कराई गई

यूपीडेस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में पूरे प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा कराई गई है. उन्होंने कहा कि कार्मिकों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में इस प्रकार की स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए भी सतत निगरानी की जाएगी. वहीं, कर्मचारी इसपर सहमत होकर फिर से अपने कार्य पर लौट आए हैं.

Follow Us