मिर्जापुर: रिश्वत लेते लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार, जमीन नापी के लिए मांगा था पैसा; एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा
मिर्जापुर में एक लेखपाल और उसका सहयोगी रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है. एंटी करप्शन टीम ने दोनों को फोटोकॉपी की दुकान से गिरफ्तार किया है. दोनों को देहात कोतवाली ले जाकर मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि लेखपाल ने जमीन नापी कराने के नाप पर पैसा मांगा था.
मिर्जापुर में एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को रिश्वत लेते एक लेखपाल और उसके सहयोगी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. एंटी करप्शन की टीम ने सदर तहसील के एक लेखपाल को एक बुक सेंटर की दुकान से पकड़ा है, जहां वह पीड़ित से पैसे ले रहा था. पकड़े गए दोनों आरोपितों को देहात कोतवाली ले जाकर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील के लेखपाल सत्येंद्र बघेल और उसके सहयोगी परमेश्वर को देहात कोतवाली क्षेत्र के विंध्यवासिनी कॉलोनी के पास स्थित जय बुक सेंटर से गिरफ्तार किया. यह दुकान लेखपाल के सहयोगी परमेश्वर की बताई जी रही है. अजय यादव नामक पीड़ित शख्स ने सदर तहसील में रिश्वत मांगे जाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था.
जमीन की नापी के लिए मांगा था 10 हजार रुपये
बताया जा रहा जिगना क्षेत्र के रहने वाले अजय यादव ने अपनी जमीन की नापी कराने के लिए सदर तहसील में प्रार्थना पत्र दिया था. जिसको नापने के लिए लेखपाल सत्येंद्र बघेल बार-बार 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था. बिना रुपये लिए जमीन की नापी करने नहीं किया जा रहा था. पीड़ित ने आखिर में परेशान होकर एंटी करप्शन टीम से शिकायत कर दी.
एंटी करप्शन की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित की बताएं अनुसार जाल बिछा दिया. फिर विंध्यवासिनी कॉलोनी के पास लेखपाल सत्येंद्र बघेल और उसके सहयोगी परमेश्वर जय बुक सेंटर में जैसे पैसा हाथ में लिए, वहां पहले से सादे लिवास में खड़ी एंटी करप्शन के टीम के अधिकारियों ने लेखपाल को रंगे हाथ 10000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया.
एंटी करप्शन टीम के मंडल प्रभारी ने क्या कहा?
एंटी करप्शन टीम के मंडल प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि लेखपाल और उसके सहयोगी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. लेखपाल सदर तहसील में तैनात है. वहीं, सहयोगी जय बुक सेंटर दुकान चलाता है. यह कार्रवाई पीड़ित की शिकायत पर की गई. इस मामले में देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है आगे की कार्रवाई जारी है.