मिर्जापुर में अब मझवां विधायक का उद्घाटन किया पीपा पुल हवा में उड़ा, 14 दिन पहले ₹2.45 करोड़ में हुआ था तैयार
मिर्ज़ापुर में तीन दिन के अंदर गंगा नदी पर बने दो पीपा पुल क्षतिग्रस्त हो गया. पहले सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा के उद्घाटन किया पीपा पुल दो टुकड़ों में बंट गया था. वहीं, अब मझवां विधायक ने 14 दिन पहले जिस पीपा पुल का उद्घाटन किया, वो तेज हवा में उड़ गया है.
मिर्जापुर जनपद में पीपा पुल क्षतिग्रस्त होने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. दो दिन पहले सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा के उद्घाटन किया गया पीपा पुल 15 दिन में ही क्षतिग्रस्त हो गया था, अब मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य के उद्घाटन किया गया पीपा पुल 14 दिन में ही तेज हवा में उड़ गया है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने ₹2.45 करोड़ की लागत में बने पीपा पुल का जोर-शोर से उद्घाटन किया था. यह पीपा पुल गंगा नदी पर बना है जो नेवढ़िया घाट से गेगराव घाट को जोड़ता है. इस पुल से भदोही के महाराजगंज के साथ ही मिर्जापुर के सिटी मझवां ब्लॉक के कई गांव का आवागमन होता था. लेकिन तेज हवा ने इस नए पीपा पुल को उड़ा दिया है.
PWD ने मरम्मत के लिए दो दिन का समय मांगा
पीपा पुल क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद मिर्जापुर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि 3 अप्रैल को तेज आंधी आने के कारण पानी बढ़ गया था जिसके कारण पीपा पुल का सरेखड़ मुड़ गया है. किनारा खिसक रहा है जिसके कारण चार और 5 अप्रैल को आवागमन बाधित रहेगा. इस दौरान पीपा पुल के मरम्मत का कार्य किया जाएगा.
पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत का हवाला देकर दो दिन का समय मांगा है. साथ ही बताया कि इसके बाद 6 अप्रैल को पीपा पुल फिर से खोल दिया जाएगा. मझवां विधानसभा क्षेत्र में नेवढि़यां घाट से गेगराव घाट पर बने पीपा पुल का भाजपा विधायक सुचिश्मिता मौर्या ने 21 मार्च को लोकार्पण किया था. दो करोड़ 45 लाख की लागत से 700 मीटर लंबा पीपा पुल बनाया गया था.
पहले हरसिंहपुर से विंध्याचल धाम वाला पुल टूटा
लगातार हो रहे ऐसी घटना ने पुल की गुणवत्ता और निर्माण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे दो दिन पहले मिर्जापुर में हरसिंहपुर से विंध्याचल धाम को जोड़ने वाला प्लाटून पुल महज दो हफ्तों में ही क्षतिग्रस्त हो गया था. सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने 18 मार्च, 2026 को पुल का उद्घाटन किया था. पुल टूटने पर उन्होंने PWD अधिकारियों को फटकार लगाई थी.