UP में बड़े धमाके की फिराक में है ISIS, कुशीनगर में पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी; ये हुए खुलासे
दिल्ली पुलिस के इनपुट पर यूपी एटीएस ने कुशीनगर से ISIS आतंकी रिजवान को गिरफ्तार किया है. इसके पास से जिंदा बम और आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं. रिजवान यूपी में बड़े धमाके की फिराक में था और युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए भर्ती कर रहा था. सुरक्षा एजेंसियां अब इसके नेटवर्क की जांच कर रही हैं.
कुख्यात आतंकी संगठन आईएसआईएस यूपी में किसी बड़े धमाके की फिराक में है. दिल्ली पुलिस के इनपुट पर यूपी एटीएस ने कुशीनगर के पड़रौना कोतवाली क्षेत्र से इस आतंकी को अरेस्ट किया है. इसकी पहचान रिजवान के रूप में हुई है. यूपी एटीएस ने इस आतंकी के पास से जिंदा बम, बम बनाने का सामान और कई आपत्तिजनक व देश विरोधी दस्तावेज बरामद किए हैं. पुलिस की जांच में पता चला है कि यह आतंकी पहले भी कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम के साथ शनिवार को पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के रायनी मोहल्ला छावनी इलाके में पहुंची यूपी एटीएस की टीम ने इस आरोपी को दबोच लिया. पुलिस टीम ने पहले इस आतंकी से मौके पर ही पूछताछ की और पूरी तरह तस्दीक होने के बाद उसे अरेस्ट कर थाने ले आई. जहां विधिवत पूछताछ की गई. इस दौरान पता चला है कि आतंकी रिजवान की साल 2015 में ISIS से जुड़े मामले में गिरफ्तारी भी हो चुकी है. वह साल 2017 से 2023 तक ब्लास्ट कांड में जेल में बंद रहा था.
आतंकियों की भर्ती कर रहा था रिजवान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जेल से बाहर आने के बाद आतंकी रिजवान आतंकियों की भर्ती और ट्रेनिंग में जुट गया था. इसके लिए वह युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें कट्टरपंथी बनाने की कोशिश कर रहा था. अभी इस आतंकी की कोई मंशा साफ तौर पर उजागर नहीं हुई है, लेकिन अब तक की पूछताछ में यह साफ हो गया है कि यह उत्तर प्रदेश में किसी बड़ी आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की तैयारी में था. इसी उद्देश्य के लिए यह युवाओं की भर्ती भी कर रहा था.
अपने साथ ले जाएगी दिल्ली पुलिस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस इस बदमाश को काफी समय से ट्रैक कर रही थी. सटीक इनपुट पर दिल्ली पुलिस ने यूपी एटीएस को सूचना दी और अब दबिश देकर उसे अरेस्ट किया है. अब दिल्ली पुलिस की टीम इस आतंकी को कोर्ट में पेशकर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाएगी. जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी. पुलिस के मुताबिक यह आतंकी साल 2015 में कुख्यात आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुडा और तब से इसी संगठन के लिए काम कर रहा था.
नेटवर्क खंगालने में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
इस आतंकी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं. आशंका है कि इस आतंकी मॉड्यूल का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है. अब पुलिस इस नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है. बता दें कि इससे पहले सुरक्षा एजेंसियों ने लखनऊ में ISI से जुड़े चार आतंकियों को गिरफ्तार किया था. इन आतंकियों से अभी पूछताछ चल रही है. ये सभी पांच दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर हैं.