निकाह कबूल, लेकिन सलामी के फेर में ‘कुंवारा’ रह गया दूल्हा; अखाड़ा बना शादी समारोह

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक शादी समारोह में 'सलामी' रस्म को लेकर बड़ा विवाद हो गया. इसमें दूल्हे के बड़े भाई को सम्मान न मिलने पर शुरू हुआ यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि निकाह के बाद भी शादी टूट गई और दूल्हे को बिन दुल्हन लौटना पड़ा. दूल्हे के पिता ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर न्याय और शादी के खर्च की भरपाई की मांग की है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के ​मुरादाबाद में आयोजित एक शादी समारोह में बड़ा बवाल हो गया. यहां ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में बारात आई थी. बड़े जश्नपूर्ण माहौल में निकाह की रस्में हुई. फिर सलामी की रस्म के बीच कुछ ऐसा हुआ कि दूल्हा बिदक गया. देखते ही हंसी ठिठोली के माहौल में इतना तनाव हो गया कि बिन दुल्हन के बारात लौटानी पड़ी. इसके बाद दूल्हे के पिता ने दुल्हन पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है.

दरअसल, निकाह पढ़ाने के बाद सलामी की रस्म हो रही थी. इस दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के बड़े भाई को इग्नोर कर दिया. इस पर दूल्हे को बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने आपत्ति जताई. इसी बात पर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने सामने आ गए. विदाई की दहलीज पर पहुंचकर नौबत ऐसी आई कि रिश्ता ही टूट गया. आखिर में दूल्हा बिन दुल्हन के ही वापस लौट गया.

ऐसे बिगड़ा मामला

बारात में शामिल लोगों के मुताबिक निकाह की कागजी और धार्मिक औपचारिकताएं पूरी हो चुकी थीं. इसके बाद एक तरफ दुल्हन के घर के अंदर विदाई की तैयारियां होने लगीं, वहीं बाहर सलामी की रस्म शुरू हुई. इस दौरान जब दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को बड़े भाई को इग्नोर किया तो दूल्हे को बर्दाश्त नहीं हुआ. वह इस बात पर अड़ गया कि उसके बड़े भाई को उचित सम्मान मिलना चाहिए.

दोनों पक्षों में हुई नोकझोंक

इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. दूल्हे के अड़ियल रुख को देख दुल्हन के परिजनों ने भी फैसला कर लिया कि वह अपनी बेटी की विदाई नहीं करेंगे. कई घंटे तक समाज के गणमान्य लोगों और रिश्तेदारों ने मध्यस्थता की कोशिश की, लेकिन आखिर तक मामला नहीं बना और बारात बैरंग वापस लौट गई. अब दूल्हे के पिता ने ठाकुरद्वारा कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की मांग की है. कहा कि या तो उनकी बहू को विदा किया जाए या फिर इस शादी में हुए खर्च की भरपायी किया जाए.

Follow Us