राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाला गिरफ्तार, भाई को सुसाइड से रोकने के लिए चलाया था पत्थर
रविवार यानी 07 जून की रात को राजधानी एक्सप्रेस पर मिर्जापुर में पथराव की खबर सामने आई थी. इस मामले में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है. अब इसको लेकर जो मामला सामने आ रहा है, वह हैरान करने वाला है.दरअसल, दोनों में से एक भाई आपसी विवाद के बाद रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने जा रहा था. उसे बचाने के लिए दूसरे भाई ने पत्थर फेंका था, जो वहां से गुजर रही राजधानी एक्सप्रेस पर लग गई.
मिर्जापुर जनपद से गुजर रही पटना-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पर हुए पथराव के मामले में दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है. अब इस मामले में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है. दरअसल, नशे में धुत भाइयों का आपस में विवाद हो गया था. एक भाई रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने जा रहा था. उसे बचाने के लिए दूसरे भाई ने पत्थर फेंका था. इस दौरान वह पत्थर वहां से गुजर रही राजधानी एक्सप्रेस पर लग गई. इससे ट्रेन के एक कोच के शीशे टूट गए और अंदर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया.
पथराव से ट्रेन के दो खिड़कियों के शीशे टूटे
यह मामला मिर्जापुर जिले के पहाड़ा स्टेशन के पास की है. खबर सामने आई थी कि रविवार की रात पटना से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव किया गया. ट्रेन की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए थे. गनीमत यह रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई. पथराव के समय यात्रियों में हड़कंप मच गया था. इस बारे में ट्रेन के पायलट ने कंट्रोल रूम में सूचना भी दी थी. सूचना के बाद रेलवे आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर जांच पड़ताल करने पहुंचे.
भाई को सुसाइड से बचाने के लिए चलाया था पत्थर
आरपीएफ प्रभारी चमन सिंह तोमर ने बताया कि जांच के दौरान रेलवे आरपीएफ और जीआरपी को पता चला कि दो भाइयों नीरज और धीरज के बीच नशे में विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ गया कि धीरज ट्रेन से कटने जा रहा था. नीरज को ट्रैक से हटाने के लिए उसके भाई धीरज ने पत्थर चला दिया. इस दौरान वहां से गुजर रही पटना दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के शीशे से टूट गए थे. दोनों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. सीओ जीआरपी अरुण कुमार पाठक ने सोमवार को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे गिरफ्तार किए गए दोनों भाइयों से पूछताछ भी की.