बागपत में दिनदहाड़े फायरिंग, टेंट व्यवसायी पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या; व्यापारियों ने जाम किया हाइवे
बागपत में दिनदहाड़े टेंट व्यवसायी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास की गोली मारकर हत्या कर दी गई. कुख्यात वरुण लुहारी ने इस वारदात को अंजाम दिया, जिसमें दो अन्य लोग घायल हुए. इस घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने हाईवे जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें पूरी वारदात कैद हुई है.
उत्तर प्रदेश के बागपत एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में मुख्य बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग करते हुए एक टेंट व्यवसायी पिता-पुत्र की हत्या कर दी. जबकि इनके परिवार के ही दो अन्य लोग गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इस वारदात की खबर से शहर के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते व्यापारियों ने बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हाईवे जाम कर दिया.
बताया जा रहा है कि यह वारदात कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है. पुलिस के मुताबिक यह हमला बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर टेंट व्यवसायी के प्रतिष्ठान पर हुआ है. पुरानी रंजिश या रंगदारी के विवाद में बदमाशों ने पूरे परिवार को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू की. अचानक शुरू हुई इस फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
4 लोगों को लगी गोली
स्थानीय लोगों के मुताबिक बदमाशों द्वारा अंधाधुंध गोलीबारी में कुल चार लोगों को गोली लगी है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और चारों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने टेंट व्यवसायी 55 वर्षीय सोहनलाल अग्रवाल और उनके 30 वर्षीय बेटे विकास को मृत घोषित कर दिया. वहीं दो अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया है. बताया जा रहा है कि क्रॉस फायरिंग में हमलावर हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी को भी गोली लगी है. पुलिस उसे हिरासत में लेकर इलाज करा रही है.
व्यापारियों ने किया हाईवे जाम
पुलिस चौकी के बिल्कुल पास में हुए इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों और जनता में जबरदस्त आक्रोश फैल गया. गुस्साए व्यापारियों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया. इसके बाद कानून व्यवस्था को लेकर बड़ौत कोतवाली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस की नाक के नीचे इतनी बड़ी वारदात हो गई और पुलिस मूकदर्शक बनी रही.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आलाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं. स्थिति को नियंत्रण में करने और जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है. अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की गहन छानबीन की जा रही है और घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
सामने आया LIVE CCTV फुटेज
इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी दुकान में घुसकर टेंट व्यापारी और उसके परिवार पर गालियां बरसाते नजर आ रहा है. इसी वारदात में टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल और बेटे विकास की मौत हुई है. वहीं एक अन्य वीडियो में व्यापारी के परिजनों के साथ बदमाशों की छीनाझपटी और मारपीट हो रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.