‘अब समाज को क्या मुंह दिखाऊंगा’…ममेरे भाई संग 25 लाख के जेवर लेकर भागी बेटी तो पिता ने जहर खाकर दे दी जान

मुरादाबाद में एक युवती अपने घर से 25 लाख रुपये का जेवर लेकर अपने ममेरे भाई संग भाग गई. दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर लिया. ऐसे में समाज को मुंह न दिखा पाने की ग्लानि में डूबे पिता ने जहर खाकर अपनी जान दे दी.

ममेरे भाई संग भागी बेटी तो पिता ने दी जान Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के मझोला थाना इलाके से रिश्तो को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, यहां एक 22 वर्षीय युवती समाज और परिवार के नियमों को दरकिनार करते हुए अपने ही रिश्ते के ममेरे भाई के साथ घर से फरार हो गई है. यह घर से भागने की घटना 14 मई को बताई जा रही है. जब युवती अपने साथ घर में रखे लगभग 25 लाख रुपये के कीमती जेवरात भी समेट ले गई है, इस घटना के बाद से ही युवती का परिवार गहरे मानसिक आघात और सामाजिक बदनामी के डर से जूझ रहा था.

विशेष रूप से लड़की के पिता, जो पेशे से एक मजदूर थे, इस अप्रत्याशित कदम से पूरी तरह टूट चुके थे. परिवार द्वारा समाज में अपनी इज्जत खोने का गम पिता के आत्मसम्मान पर इतनी गहरी चोट कर गया कि उन्होंने एक आत्मघाती कदम उठाने का फैसला कर लिया. रिश्तेदारों और पड़ोसियों की तमाम कोशिशों और ढांढस बंधाने के बावजूद वह खुद को इस मानसिक प्रताड़ना से बाहर नहीं निकाल सकें. समाज का सामना न कर पाने की लाचारी में लड़की के पिता ने संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है.

ममेरे भाई संग 25 लाख के जेवर लेकर भागी थी युवती

युवती के लापता होने के तुरंत बाद परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की थी और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत भी बुलाई गई थी. कोई नतीजा नहीं निकला, तो 15 मई को पुलिस में इस घटना की प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई गई थी. इसी बीच, एक स्थानीय अधिवक्ता ने पुलिस प्रशासन को फोन पर सूचित किया कि दोनों प्रेमियों ने पहले ही कोर्ट मैरिज कर लिया था. वे जल्द ही थाने में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करवाएंगे. इस कानूनी विवाह की बात सुनते ही पिता का बचा-खुचा संबल भी पूरी तरह टूट गया था.

​’अब समाज को क्या मुंह दिखाऊंगा’ कहकर पिता खाया जहर

​तमाम कोशिशों के बाद भी जब सात दिनों तक बेटी का कोई सुराग नहीं मिला था, तो समाज को मुंह न दिखा पाने की ग्लानि में डूबे पिता ने दोपहर करीब दो बजे चुपके से जहर खा लिया था. परिजनों को जैसे ही उनकी हालत बिगड़ने का एहसास हुआ था, घर में चीख-पुकार मच गई थी. मौके पर पहुंची मझोला पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान शाम में उन्होंने दम तोड़ दिया.

Follow Us