मुरादाबाद में आदमखोर कुत्तों का तांडव,7 साल की मासूम को नोच डाला, एंटी रैबीज सीरम ना मिलने से महिला की हुई मौत

मुरादाबाद में आवारा कुत्तों ने आतंक मचा रखा है. एक 7 साल की मासूम बच्ची पर आधा दर्जन से ज्यादा कुत्तों ने घेरकर नोच डाला. अस्पताल में वह जिंदगी की जंग लड़ रही है. वहीं, एक अन्य घटना में कुत्तों ने एक महिला पर भी जानलेवा हमला कर दिया. महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

मुरादाबाद में आवारा कुत्तों का आतंक Image Credit:

मुरादाबाद में बेकाबू हो चुके आवारा कुत्तों का जानलेवा खौफ देखने को मिल रहा है. इससे जुड़ी दो घटनाएं सामने आ रही है. पहला मामला संभल का है. अपने मायके गई एक महिला को आवारा कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं, दूसरी घटना में एक मासूम बच्ची को कुत्तों के झुंड ने अपना निवाला बनाने की कोशिश की. फिलहाल, बच्ची अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है.

‘एंटी रैबीज सीरम’ न मिलने पर महिला ने तोड़ा दम

कुंदरकी इलाके की रहने वाली महिला संभल अपने मायके गई थी. यहां उसपर आवारा कुत्ते हमला कर दिया. सरकारी अस्पताल में उसे एंटी-रैबीज का टीका तो दिया गया था, लेकिन ‘एंटी रैबीज सीरम’ न मिलने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई. उसे पानी से डर लगने लगा. उसकी मानसिक स्थिति असामान्य हो गई. गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया.

चिकित्सकों के अनुसार, गहरे जख्मों में केवल वैक्सीन काफी नहीं होती है. वहां तुरंत असर करने वाले सीरम की जरूरत होती है. महिला के पति का पांच साल पहले ही इंतकाल हो चुका था. अब इस हादसे के बाद उनके दो बच्चे अनाथ हो गए हैं, जो सदमे में हैं. बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर का बुरा हाल है.

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही बच्ची

वहीं, दूसरा रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया सिविल लाइंस थाना इलाके के अगवानपुर से सामने आया है. यहां अपने पिता के लिए भोजन लेकर जा रही एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची पर आधा दर्जन खूंखार कुत्तों ने अचानक जानलेवा हमला बोल दिया था. कुत्तों ने बच्ची के सिर और गर्दन को बुरी तरह नोच डाला है. लहूलुहान हालत में बच्ची को मुरादाबाद के जिला अस्पताल में इलाज कराया गया है. यहां डॉक्टर्स उसकी जान बचाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं.

Follow Us