बहू ने फ्रीज ही तो ऑन किया था… पति ने लात-घूंसे से पीटा, फिर धक्के मारकर निकाला; पहुंची पुलिस

मुरादाबाद में एक महिला को पति, सास-ससुर ने फ्रिज चलाने के मामूली बहाने पर बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया. आरोप है कि यह घटना सिर्फ फ्रिज के कारण नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही दहेज की मांग और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना का नतीजा थी. पीड़िता ने अपने पिता के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

मुरादाबाद में कटघर थाने पहुंची पीड़िता Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां महज फ्रीज चालू कर देने पर एक घर में इतना बवाल हुआ कि पति, सास और ससुर ने मिलकर पहले तो बहू की जी भर के पिटाई की. फिर लात मारकर उसे घर से बाहर कर दिया. बीच बचाव के लिए बहू के पिता आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी बदसलूकी की. पीड़ित पिता ने बेटी के साथ पुलिस में आकर रिपोर्ट लिखाई है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मामला मुरादाबाद के कटघर कोतवाली इलाके क्षेत्र में इंद्रा चौक का है. यहा रहने वाली महिला रचना की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी. शादी के बाद से ही दहेज को लेकर घर में तनाव का माहौल था. आए दिन उसके साथ शारीरिक क्रूरता और मानसिक प्रताड़ना की घटनाएं होती रहती थी. इसी बीच घर में फ्रीज चालू देखकर रचना के पति प्रदीप को शक हुआ कि फ्रीज रचना ने ही चलाया है. इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई.

सास-ससुर ने भी पीटा

प्रदीप ने पूरी बात जाने बिना रचना को लात-घूंसों से पीटने लगा. हद तो तब हो गई जब इस हैवानियत में उसके माता पिता भी शामिल हो गए. इस मार पिटाई से देखते ही देखते रचना लहूलुहान होकर गिर गई. इसके बाद आरोपियों ने उसके दो मासूम बच्चों को छीन लिया और उसे लात मारकर घर से बाहर कर दिया. खबर मिलने पर रचना के पिता पहुंचे तो उनके साथ भी आरोपियों ने बदसलूकी की.

थाने पहुंची पीड़िता

आखिर में लाचार पिता रचना को लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दी. इसमें बताया कि यह वारदात केवल फ्रीज चालू करने को लेकर नहीं, बल्कि शादी के बाद से ही सुलग रही दहेज की आग के चलते अंजाम दिया गया है. पीड़िता ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर आए दिन उसे टॉर्चर किया जाता था. पुलिस के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Follow Us