पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ था बदमाश, अस्पताल में हुई मौत; 4 राज्यों में वांटेड था सत्तो
मुजफ्फरनगर पुलिस के एनकाउंटर में घायल, चार राज्यों में वांछित बदमाश सतपाल सत्तू की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है. नाबालिग के अपहरण समेत कई गंभीर आरोपों में ₹25,000 का इनामी सत्तू पुलिसकर्मियों को भी गोली मारकर घायल कर भागा था. पुलिस ने उसकी लंबी आपराधिक पृष्ठभूमि का खुलासा किया है.
उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर पुलिस के एनकाउंटर में घायल चंडीगढ़ के बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू की मौत हो गई है. गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था. चार राज्यों में वांटेड इस बदमाश के खिलाफ मुजफ्फरनगर में एक नाबालिग लड़की को अगवा करने का आरोप है. इस मामले में सोमवार की देर रात इस बदमाश की एसओजी और सिविल लाइन थाना पुलिस ने घेराबंदी की थी. इस दौरान आमने सामने की फायरिंग में सत्तो को गोली लगी थी. वहीं सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ और सिपाही अंकित भी इस फायरिंग में जख्मी हो गए थे.
पुलिस के मुताबिक बामनहेड़ी गांव के पास रुड़की रोड पर चेकिंग के दौरान कार सवार सत्तों का एनकाउंटर हुआ था. खुद को पुलिस से घिरते देख इस बदमाश ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इसमें यह बुरी तरह से जख्मी हुआ था. इस बदमाश की गोली से एक दरोगा और एक कांस्टेबल भी घायल हुए थे. आनन फानन में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से सत्तों को हॉयर सेंटर के लिए रेफर किया गया. अधिकारियों के मुताबिक इलाज के दौरान सत्तों की मौत हो गई है.
25 हजार का इनामी बदमाश था सत्तो
पुलिस के मुताबिक इस बदमाश के खिलाफ पिछले दिनों पुलिस ने ₹25000 का इनाम घोषित किया था. 19 जून को एक नाबालिग को अगवा करने के मामले में पुलिस की 10 टीमें इस बदमाश की तलाश कर रही थीं. एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक इस बदमाश का पीछा करते हुए पुलिस ने 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाल डाले. इसकी क्रिमिनल हिस्ट्री निकाली गई. इसमें पता चला कि यह 15 साल जेल काट चुका है और फरवरी 2026 में लुधियाना जेल से फरार हुआ था.
4 महीने में किया 10 लड़कियों को अगवा
जेल से फरार होने के बाद इस बदमाश ने बीते 4 महीने में ही 10 से ज्यादा नाबालिक लड़कियों को अगवा किया है. इन लड़कियों के साथ रेप और गैंगरेप जैसी वारदातों को अंजाम दिया है. इस बदमाश के खिलाफ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के अलग थानों में दो दर्जन से अधिक लूट, डकैती, बलात्कार, गैंग रेप और रंगदारी मांगने जैसे आपराधिक मुकदमे दर्ज है. इस बदमाश को 16 साल पहले मेरठ पुलिस ने अरेस्ट किया था. उस समय यह छोटा राजन गैंग से जुडा था और खुद को रणजी क्रिकेट प्लेयर बताता था.