अचानक 10 ट्रेनों का बदला रूट, टिकट रद्द होने से यात्री परेशान; क्या है वजह?

लखनऊ स्टेशन पर निर्माण कार्य के कारण 10 से अधिक ट्रेनों के रूट बदले गए हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है. त्रिवेणी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं या दूसरे मार्गों से निकल रही हैं. रेलवे ने 14 से 23 जून तक के लिए यह बदलाव किया है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम जानकारी अवश्य जांच लें.

बरेली रेलवे जंक्शन Image Credit:

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ के स्टेशन पर ब्लॉक का असर बरेली समेत कई स्टेशनों पर नजर आया. त्रिवेणी एक्सप्रेस समेत 10 से अधिक ट्रेनों के रूट अचानक बदल दिए गए. इससे कुछ ट्रेनें बरेली स्टेशन पर देर से पहुंची, वहीं कुछ ट्रेन दूसरे रूट से निकल गईं. ट्रेनों के आने में देरी और टिकट रद्द होने की वजह से यात्रियों की भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है. हालात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों से अगले कुछ दिनों तक सफर से पहले अपनी ट्रेन की अपडेट जानकारी लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी है.

बता दें कि लखनऊ स्टेशन और उसके आसपास चल रहे निर्माण कार्यों के चलते बरेली होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं. रेलवे ने 14 जून से 23 जून तक कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया है. इसके साथ ही ट्रेनों की लगातार देरी और संचालन में बदलाव की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अवधि में कुछ ट्रेनों को सामान्य रूट की जगह दूसरे मार्ग से चलाया जाएगा ताकि निर्माण कार्य के दौरान रेल संचालन प्रभावित न हो.

इन ट्रेनों का बदला रूट

इस बदलाव का ज्यादा असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर देखने को मिल रहा है. रेलवे की ओर से बताया गया है कि शक्तिनगर–टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, सिंगरौली–टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, टनकपुर–सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस, टनकपुर–शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस सहित कुल 10 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा. इसके अलावा बनारस–नई दिल्ली, नई दिल्ली–बनारस और देहरादून रूट की कुछ गाड़ियां भी निर्धारित दिनों में परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी.

निर्माण कार्य के चलते बदला रूट

रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक इन ट्रेनों को लखनऊ के सामान्य रूट की जगह आलमनगर, ट्रांसपोर्ट नगर और उतरेटिया होकर निकाला जा रहा है. यह बदलाव निर्माण कार्य पूरा होने तक लागू रहेगा. ऐसे में रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन का समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर जांच लें. समय रहते यह जानकारी मिलने से परेशानी से बचा जा सकेगा.

हजारों यात्रियों ने रद्द कराया टिकट

रूट बदलने और ट्रेनों की लेटलतीफी की वजह से हजारों यात्री परेशान हैं. पिछले कुछ दिनों से कई ट्रेनें कई-कई घंटे की देरी से पहुंच रही हैं. शनिवार को भी बड़ी संख्या में ट्रेनें तय समय से काफी देर बाद बरेली पहुंचीं. आनंद विहार–सहरसा एक्सप्रेस करीब 12 घंटे देरी से पहुंची. जबकि दिल्ली–गोरखपुर विशेष ट्रेन लगभग 11 घंटे लेट रही. इसके अलावा आनंद विहार–जोगवानी विशेष ट्रेन, अमृत भारत एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस, कामाख्या एक्सप्रेस, गरीब रथ, लखनऊ मेल और महामना एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनों ने यात्रियों को घंटों इंतजार कराया. ऐसी स्थिति में बड़ी संख्या में यात्रियों ने अपने टिकट रद्द कराए हैं.

Follow Us