आंजनेय सिंह को नहीं मिला 8वां एक्सटेंशन, IAS संगीता सिंह बनीं मुरादाबाद की नई कमिश्नर
उत्तर प्रदेश शासन ने मुरादाबाद के नए कमिश्नर की घोषणा की है. अलीगढ़ की मंडल आयुक्त संगीता सिंह अब मुरादाबाद की कमान संभालेंगी. मुरादाबाद के निवर्तमान कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह को आठवां सेवा विस्तार नहीं मिला, जिससे उनके साढ़े पांच साल के लंबे कार्यकाल का अंत हो गया.
मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है. उत्तर प्रदेश शासन ने रविवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अलीगढ़ की मंडल आयुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद मंडल का नया कमिश्नर नियुक्त किया है. वहीं लंबे समय से मुरादाबाद के कमिश्नर पद पर तैनात रहे आंजनेय कुमार सिंह को अब 8वां सेवा विस्तार नहीं मिला है.
शासन के नए आदेश के बाद संगीता सिंह जल्द मुरादाबाद मंडल की कमान संभालेंगी. उनके सामने मंडल में विकास योजनाओं को गति देने के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी. संगीता सिंह को प्रशासनिक कार्यों का लंबा अनुभव है और अलीगढ़ मंडल में कमिश्नर के तौर पर वह जिम्मेदारी संभाल रही थीं.
7 एक्सटेंशन के बाद आंजनेय सिंह की छुट्टी
2005 बैच के आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह मार्च 2021 से लगातार मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर पद पर तैनात थे. उनका कार्यकाल कई बार बढ़ाया गया. उनका सातवां सेवा विस्तार 14 अगस्त को समाप्त हो गया था. इसके बाद से ही प्रशासनिक गलियारों में उनके आठवें एक्सटेंशन को लेकर चर्चाएं तेज थीं.
पिछले वर्षों में कार्यकाल समाप्त होने के बाद अवकाश के दौरान भी उनके सेवा विस्तार के आदेश जारी होते रहे थे. इसी वजह से इस बार भी उनके एक्सटेंशन को लेकर कयास लगाए जा रहे थे. हालांकि शासन के ताजा आदेश के बाद इन चर्चाओं पर पूरी तरह विराम लग गया है.
साढ़े पांच साल तक मुरादाबाद की कमान
आंजनेय कुमार सिंह करीब साढ़े पांच साल तक मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर रहे. इससे पहले वह रामपुर के डीएम के तौर पर भी चर्चा में रहे थे. 2015 में अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति पर उत्तर प्रदेश आए आंजनेय सिंह रामपुर में तैनाती के दौरान जौहर विश्वविद्यालय और सपा नेता आजम खान से जुड़े मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में आए थे.
इसके बाद मार्च 2021 से वे लगातार मुरादाबाद मंडल आयुक्त पद पर बने रहे. 14 अगस्त को सातवां सेवा विस्तार समाप्त होने के बाद वह अवकाश पर चले गए थे. अब शासन ने उनकी जगह संगीता सिंह को मुरादाबाद का नया मंडलायुक्त नियुक्त कर दिया है. नए कमिश्नर की तैनाती के साथ मंडल में प्रशासनिक बदलाव की नई शुरुआत मानी जा रही है.