‘टुकड़े-टुकड़े काटूंगा… ‘ दबंगों की खौफनाक धमकियों से टूट गई बेटी, घर पहुंचते ही पी लिया तेजाब

मुरादाबाद में दबंगों की धमकियों और उत्पीड़न से तंग आकर एक लड़की ने तेजाब पी लिया, जिसकी हालत गंभीर है. 'टुकड़े-टुकड़े काटने' जैसी खौफनाक धमकियों से परेशान पीड़िता ने यह आत्मघाती कदम उठाया. पुलिस ने तीन नामज़द आरोपियों अब्दुल सलाम, बाबू और अरमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मामले की जांच कर रही है पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां छजलैट थाना क्षेत्र के सलावा गांव में रहने वाली एक लड़की ने तेजाब पी लिया. आरोप है कि वह कुछ दबंगों की प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकियों से तंग आ चुकी थी. तेजाब पीने से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे मुरादाबाद के ज़िला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. सूचना मिलने पर पहंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने पूर्व में गांव के ही कुछ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था. इसी रंजिश को लेकर आरोपी उस पर लगातार दबाव बना रहे थे. तेज़ाब वाली घटना के दिन युवती युवती दवाई लेने बाज़ार जा रही थी. रास्ते में दबंगों ने उसे फिर घेर लिया और मारपीट करते हुए टुकड़े-टुकड़े काटने की धमकी दी. लगातार मिल रहे मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न से आहत इस लड़की ने घर लौटकर आत्मघाती कदम उठा लिया.

तीन के खिलाफ एफआईआर

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में तीन नामज़द आरोपियों अब्दुल सलाम, बाबू और अरमान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अस्पताल में भर्ती पीड़िता यास्मीन ने पुलिस के सामने अपनी आपबीती सुनाई है. कहा कि वह दवाई लेने निकली थी. रास्ते में अब्दुल सलाम ने उसके साथ बदसलूकी और मारपीट की. आरोपी ने उसे धमकी देते हुए कहा कि हमने अपने भाई को जेल से छुड़ा लिया है, अब तू जो कर सकती है कर ले, पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे फोन पर भी ‘छोटे-छोटे टुकड़ों में काटने’ जैसी खौफनाक धमकीदी है.

एक्शन में पुलिस

पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद अब मुरादाबाद पुलिस भी एक्शन में आ गई है. एसपी देहात (IPS) कुंवर आकाश सिंह के मुताबिक घटना 19 जुलाई की है. इस मामले में तीन नामज़द लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दबिश तेज कर दी गई है. उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. इधर, पीड़िता का इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक है. अस्पताल में उसकी काउंसिलिंग भी कराई जा रही है.

Follow Us