बदलेगी व्यवस्था, भरे जाएंगे पद; मणिराम की छावनी में आज होगी राम मंदिर ट्रस्ट की बड़ी बैठक

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक आज मणिराम की छावनी में होनी वाली है. इसमें मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था और संगठनात्मक ढांचे पर मंथन होगा. नए महासचिव, सीईओ सहित रिक्त पद भरे जाएंगे. पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय निगरानी बढ़ाने पर जोर रहेगा. चढ़ावा चोरी मामले के बाद ट्रस्ट बड़े सुधारों पर विचार करेगा.

अयोध्या स्थित राम मंदिर Image Credit: AI Generated

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बड़ी बैठक आज मणिराम की छावनी में होने वाली है. इसमें ट्रस्ट के संगठनात्मक ढांचे को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा. इसी के साथ मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े अहम फैसले लिए जा सकते हैं. संभव है कि इसी बैठक में ट्रस्ट के नए महासचिव के चयन करने के साथ ही रिक्त दो अन्य पदों को भी भरने का फैसला हो. यह बैठक आज शाम तीन बजे होनी है. इसके लिए पहले ही एजेंडा जारी किया जा चुका है.

सूत्रों के मुताबिक मुख्य फोकस श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का नया महासचिव पर है. माना जा रहा है कि इस पद पर विश्व हिंदू परिषद से ही किसी का नाम फाइनल किया जाएगा. इसके अलावा मंदिर के सीईओ के चयन पर भी फोकस रहेगा. इस पद के लिए देश भर से साढ़े पांच हजार से अधिक आवेदन मिले हैं. चढ़ावा चोरी मामले में हुई किरकिरी के बाद ट्रस्ट अब प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े सुधार के लिए दबाव बढ़ गया है. एसआईटी की सिफारिशों का भी इसमें अहम योगदान बताया जा रहा है.

दो सत्रों में होगी बैठक

जानकारी के मुताबिक ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने और जवाबदेही बढ़ाने के साथ ही वित्तीय निगरानी को और प्रभावी बनाने जैसे बिंदुओं पर मंथन होगा. इस संबंध में कुछ अहम फैसले लिए जाएंगे. उम्मीद है कि इसी बैठक में सीईओ का भी चयन हो जाएगा. इसके अलावा इस बैठक में पूर्व महासचिव चंपत राय व सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्र के इस्तीफे से खाली हुए पदों पर नए नाम का ऐलान किया जाएगा. इसके लिए बैठक को दो सत्रों में आयोजित किया जा रहा है.

ट्रस्ट में शामिल हो सकते हैं यतींद्र मिश्र

सूत्रों के मुताबिक ट्रस्ट की बैठक तीन बजे शुरू होगी. पहले एक घंटे में खाली पदों को भरने पर मंथन होगा. इसके बाद तीनों नाम घोषित कर दिए जाएंगे. माना जा रहा है कि महासचिव के पद पर बजरंग दल का ही कोई सदस्य आ सकता है. वहीं बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन से रिक्त पद पर उनके बेटे और राज परिवार के सदस्य यतींद्र मिश्र का नाम घोषित हो सकता है. इनके अलावा ट्रस्ट में अयोध्या के किसी संत का भी नाम घोषित किया जा सकता है.

दूसरे सत्र में व्यवस्था पर होगी चर्चा

बैठक का दूसरा सत्र 4 बजे शुरू होगा. राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास के मुताबिक इसमें राम मंदिर में नोटों की काउंटिंग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी. इसके अलावा एसआईटी जांच पर भी चर्चा होगी. इस बैठक में शामिल होने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों का आगमन शुरू हो गया है. मंगलवार की देर शाम युगपुरुष परमानंद व जगद्गुरु वासुदेवानंद सरस्वती अयोध्या पहुंचे. वहीं कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि 11 बजे तक पहुंचेंगे. वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता के परासरण ऑनलाइन जुड़ेंगे.

Follow Us