पत्नी के मायके जाने से डिप्रेशन में था युवक, घर में फांसी के फंदे से झूला; 6 महीने पहले हुई थी शादी

मुरादाबाद में एक राजमिस्त्री ने फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली. वह अपनी शादी के छह माह बाद पत्नी के मायके चले जाने से तनाव में था. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी. युवक के इस कदम से परिवार में मातम है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पत्नी के मायके जाने से डिप्रेशन में पति ने की आत्महत्या Image Credit:

मुरादाबाद के मझोला थाना इलाके के कांशीराम नगर में एक राजमिस्त्री ने फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है. घटना की सूचना मिलते ही मझोला पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की शादी महज 6 महीने पहले हुई थी.

परिजनों के मुताबिक, मृतक अपनी पत्नी के मायके चले जाने और वापस न आने के कारण डिप्रेशन में था, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया है. युवक की पहचान 26 वर्षीय राजमिस्त्री अनेक पाल के रुप में हुई है, उसकी 6 महीने पहले रामपुर जिले के टांडा में धूमधाम से शादी हुई थी. शुक्रवार की देर रात युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया है.

पति-पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन थी

अनेक पाल, अपने पिता भूरे के साथ रहता था. विवाह के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन हो गई, जिसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी. पिता के शिकायत अनुसार, अनेक पाल लगातार अपनी पत्नी को मनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसके न आने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा, और आखिर में अपनी जान दे दी.

शुक्रवार की देर रात युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए कमरे में फांसी लगा ली. सुबह जब पिता ने बेटे को जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला था. अनहोनी की आशंका होने पर पिता ने पड़ोसियों और रिश्तेदारों की मदद से दरवाजा तोड़ा है, तो अंदर बेटे का शव फंदे से लटका देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई है.

पत्नी की नाराजगी में उठाया इतना बड़ा कदम

जवान बेटे की मौत के बाद से पूरे परिवार में मातम है, मृतक के पिता व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पिता रो-रो कर हर बार एक ही बात कह रहे हैं क्या इसी दिन के लिए मैंने अपने बेटे की शादी कराई थी. पत्नी की नाराजगी के चलते पति के द्वारा उठाए गए इस कदम से हर कोई हैरान है और रिश्तेदार सहित इलाके के रहने वाले लोगों की आंखें नम है.

​परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us