‘लड़की आएगी तभी उतरूंगा’, बाराबंकी में टावर पर चढ़ा युवक, परिजनों के पहुंचने पर खुली वजह
बाराबंकी में प्रेम-प्रसंग को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. वह एक लड़की को मौके पर बुलाने का जिद करने लगा. करीब दो घंटे से हाई वोल्टेज ड्रामा चल रहा है, इस दौरान पुलिस भी मनाने में जुटी है. परिजन जब पहुंचे तो असली माजरा बताया.
बाराबंकी के शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. वह टावर के पैनल पर बैठकर जोर-जोर से रोने लगा और चिल्लाकर एक युवती को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई. पुलिस-प्रशासन को भी मौके पर पहुंचना पड़ा, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा हुआ था.
जानकारी के मुताबिक, युवक का नाम नितिन रावत है. युवक टावर के ऊपर से बार-बार यही कहता रहा कि जब तक लड़की नहीं आएगी तब तक नीचे नहीं उतरूंगा. पुलिस ने लगातार उससे संपर्क कर उसे समझाने की कोशिश कर रही है. युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, युवक का ड्रामा दो घंटे से लगातार जारी है.
नितिन ने क्यों उठाया ये कदम? उसके जीजा ने बताया
करीब दो घंटे बीत जाने के बाद भी जब युवक नीचे नहीं उतरा तो उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए. परिजनों ने फिर युवक के इस ड्रामे की पीछे का असली वजह बताई. नितिन के जीजा शैलेंद्र ने बताया कि पिछले करीब एक साल से उसकी एक लड़की से जान-पहचान है और दोनों के बीच बातचीत चल रही थी. लेकिन लड़की पक्ष को यह मंजूर नहीं है.
नितिन के जीजा ने बताया कि लड़की शादी करना चाहती है लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं है. लड़की पास के ही गांव पहाड़ापुर की रहने वाली बताई जा रही है और इसी वजह से नितिन ने यह कदम उठाया. फिलहाल, युवक को उतारने का प्रयास जारी है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो. मौके पर पुलिस तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर तैनात, युवक जिद पर अड़ा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी मौके पर बुला लिया, ताकि जरूरत पड़ने पर सीढ़ी के जरिए युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके. कड़ी धूप में लंबे समय तक टावर पर बैठे रहने के कारण उसकी हालत को लेकर भी चिंता बनी हुई है. मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है, खबर लिखने तक युवक नीचे नहीं उतरा है.