बहराइच के बाद मुरादाबाद में भी आदमखोर! खेत में युवती का किया शिकार, लगाने पड़े 30 टांके

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक आदमखोर तेंदुए ने खेत में चारा लेने गई 25 वर्षीय युवती पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. युवती के सिर, चेहरे और गर्दन पर गहरे जख्म आए हैं, जिसमें 30 टांके लगे हैं. यह घटना ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर गई है, जो वन विभाग की निष्क्रियता पर रोष व्यक्त कर रहे हैं और तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे हैं.

मुरादाबाद में आदमखोर तेंदुआ Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बहराइच में बाघ और मगरमच्छ के हमले की घटना को अभी 100 घंटे भी नहीं हुए, इधर, मुरादाबाद में भी एक आदमखोर तेंदुए ने एक युवती का शिकार कर दिया है. इस घटना में तेंदुए ने अपने तेज दांत और नाखून से युवती को बुरी तरह से नोंच डाला है. गनीमत रही कि आसपास के लोगों ने देख लिया और शोर मचाते हुए बचाने के लिए दौड़ पड़े. जिन्हें देखकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया. आनन फानन में युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे 30 टांके लगे हैं. युवती की हालत नाजुक बताई जा रही है.

मामला मुरादाबाद में ठाकुरद्वारा तहसील के राय भूड़ गांव का है. इस घटना के बाद क्षेत्र में बेहद दहशत की स्थिति है. जानकारी के मुताबिक इस गांव में रहने वाले अमर सिंह की 25 वर्षीय बेटी मंजू खेत में चारा लेने गई थी. वहां पहले से घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. वह जबड़े में युवती गला पकड़ लिया और घसीटकर ले जाने लगा. गनीमत रही कि खेत में उस समय काफी लोग थे. इन लोगों ने शोर मचाया तो तेंदुआ युवती को छोड़कर भाग गया.

सिर और चेहरे पर आईं गंभीर चोटें

डॉक्टरों के मुताबिक तेंदुए के हमले में युवती के सिर, चेहरे और गर्दन पर गहरे जख्म आए हैं. तेंदुए ने तीखे नाखून और दांतों से युवती को बुरी तरह नोंच डाला है. सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल मंजू को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. जहां युवती की हालत नाजुक बनी हुई है. डॉक्टरों के मुताबिक युवती को गहरे जख्म हैं. इन जख्मों पर 30 टांके लगे हैं.

गांव में दहशत का माहौल

घटना के बाद से ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत की स्थिति है. लोगों में भारी आक्रोश है. ग्रामीण पूरी तरह सहमे हुए हैं और खेत में जाने से डर रहे हैं. वहीं बच्चों और महिलाओं का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है. ग्रामीणों ने वन विभाग की निष्क्रियता पर कड़ा रोष जताई है. साथ ही इस आदमखोर तेंदुए को तुरंत पिंजरा लगाकर पकड़ने की मांग की है. पीड़िता के साथ अस्पताल आए उसका भाई योगेंद्र तो घटनाक्रम बताते हुए भी सहम जा रहा है.

इमरजेंसी वार्ड में चल रहा इलाज

जिला अस्पताल के डॉक्टर मनोज यादव ने घायल महिला की गंभीर स्थिति की पुष्टि की. बताया कि ठाकुरद्वारा से रेफर होकर आई अमर सिंह की पुत्री मंजू को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है. तेंदुए के हमले के कारण उसके सिर, कान, गर्दन और कंधे पर गहरे जख्म और नाखूनों के निशान हैं. उसे एंटी-रेबीज सीरम दिया गया है, अत्यधिक खून बह जाने के कारण ब्लड भी चढ़ाया गया है. घावों को भरने के लिए लगभग 30 टांके लगाए गए हैं.

Follow Us