एक थप्पड़ का लिया खौफनाक बदला, पहले दोस्त को छककर पिलाई शराब, फिर उतारा मौत के घात
मुरादाबाद में सतीश नाम के शख्स को उसके दोस्त राजू ने किसी विवाद पर थप्पड़ मार दिया था. सतीश इस बात को भूल नहीं पा रहा था और लगातार राजू से बदला लेने की फिराक में था. सतीश ने पहले से तय साजिश के तहत राजू को अपने पास बुलाया और उसे जमकर शराब पिलाई. फिर उसे मौत के घात उतार दिया.
मुरादाबाद में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है. यहां महज एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए एक शख्स ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की पूरी घटना कटघर कोतवाली इलाके की है. यहां बलदेव पुरी कल्याणपुर रोड पर स्थित एक खाली प्लॉट में पुलिस को एक 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था. पुलिस ने शुरुआत में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. साथ ही मामले की जांच में जुट गई थी.
पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद ही मृतक की शिनाख्त हो पाई. पता चला कि शव अमरोहा देहात के फूलपुर अदालतपुर निवासी राजू का है. वह पेशे से एक फॉरम कर्मचारी था. राजू की हत्या की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया था. मृतक की पत्नी नन्ही ने कटघर कोतवाली पहुंचकर कल्याणपुर के रहने वाले सतीश के खिलाफ हत्या का शक जताते हुए नामजद तहरीर दी थी.
राजू ने सतीश सबके सामने मारा था थप्पड़
पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की. सतीश को हिरासत में लिया गया. जब पुलिस ने सतीश से कड़ाई से पूछताछ की थी, तो उसने जो खुलासा किया, उसने सबको चौंका दिया है. सतीश ने कबूल किया कि राजू ने उसे सबके सामने एक थप्पड़ मार दिया था. इससे वह बेहद गुस्से में था. इसी बेइज्जती का बदला लेने के लिए उसने राजू की जान ले ली है.
पुलिस की मुस्तैदी से हुआ हत्याकांड का खुलासा
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में अमरोहा से आए मृतक के परिजनों की भूमिका बेहद अहम रही है. शनिवार की सुबह पुलिस को नरेश कुमार के खाली प्लॉट में शव पड़ा होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा करा दिया. शिनाख्त न होने पर उसे मोर्चरी भेज दिया गया. इस बीच देर शाम अमरोहा से राजू के परिजन उसकी तलाश करते हुए कटघर थाने पहुंचे और उसके लापता होने की बात कही थी.
पुलिस ने बिना समय गंवाए परिजनों को मोर्चरी ले जाकर शव दिखाया था. यहां पत्नी और रिश्तेदारों ने उसकी पहचान राजू के रूप में की थी. इसके बाद परिवार वालों ने सतीश पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस पूरी हत्या का पर्दाफाश कर दिया है.
शराब पिलाकर थप्पड़ का बदला मौत से लिया
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सतीश ने बताया कि कुछ समय पहले राजू और उसके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. राजू ने उसे थप्पड़ मार दिया था. सतीश इस बात को भूल नहीं पा रहा था और लगातार राजू से बदला लेने की फिराक में था. हत्या की घटना वाले दिन सतीश ने पहले से तय साजिश के तहत राजू को अपने पास बुलाया और उसे जमकर शराब पिलाई थी.
राजू जब पूरी तरह नशे में धुत हो गया और खुद को संभालने की स्थिति में नहीं रहा था, तब सतीश ने गुस्से में आकर उसे मौत के घाट उतार दिया और शव को खाली प्लॉट में फेंककर फरार हो गया था. मुरादाबाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और इस तरह फार्म कर्मचारी की हत्या का सफल अनावरण किया है.