‘मैं फंस गई हूं यार…’ मौत से पहले ट्वीशा का INSTA चैट वायरल, PM लिए भी पिता को खाने पड़ रहे धक्के
ग्रेटर नोएडा की ट्वीशा शर्मा का मौत से पहले सहेली को भेजा 'मैं फंस गई हूं यार' इंस्टा चैट सोशल मीडिया में वायरल हो गया है. मिस पुणे रह चुकी ट्वीशा के पिता ने बताया कि पांच महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी. उन्होंने ट्वीशा के पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. कहा कि उन्हें भोपाल में न्याय की मिलने की उम्मीद नहीं है.
ग्रेटर नोएडा की ट्वीशा शर्मा का इंस्टाग्राम पर अपनी सहेली मीनाक्षी को किया गया पोस्ट अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. यह पोस्ट फंदे पर लटकने से कुछ देर पहले ही ट्वीशा ने किया था. इसमें ट्वीशा ने लिखा है कि ‘मैं फंस गई हूं यार, बस तू मत फंसना. ज्यादा बात नहीं कर सकती. जब सही समय आएगा, तब मैं कॉल करूंगी…’.उधर, ट्वीशा की मौत के बाद उसके माता-पिता पुलिस और प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं. उन्होंने रोते हुए अपना दर्द बयां किया है. कहा कि उन्हें बेटी का पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी नहीं दिया जा रहा.
‘मिस पुणे’ रह चुकी ट्वीशा शर्मा के माता-पिता का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी साउथ की फिल्मों में काम कर चुकी है. वायरल वीडियो में ट्वीशा के पिता ने बताया कि उसके पति समर्थ की अग्रिम जमानत याचिका का विरोध करने के लिए वह भोपाल पहुंचे हैं. इससे पहले समर्थ की मां को अग्रिम जमानत मिल चुकी है. नोएडा से भोपाल पहुंचे ट्वीशा के माता-पिता ने पुलिस और प्रशासन पर आरोपी पक्ष के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है.
पांच महीने पहले हुई थी शादी
ट्वीशा के पिता के मुताबिक पांच महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी. उन्होंने बताया कि समर्थ और ट्वीशा एक डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क में आए थे. उन्होंने ट्वीशा के ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना, दहेज के लिए हत्या और हत्या के बाद सबूत मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने ट्विशा के वकील पति समर्थ सिंह, सास व रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार भी हरकत में आ गई है. मामले की जांच के लिए 6 सदस्यीय SIT का गठन किया है.
सास को जमानत, पति फरार
कटारा हिल्स थाना पुलिस के मुताबिक ट्वीशा की सास को तो जमानत मिल गई है, लेकिन उसका पति समर्थ फरार है. उसकी तलाश में लगातार दबिश जारी है. जानकारी के मुताबिक सास गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत उनकी उम्र, पूर्व में न्यायिक सेवा और कोई आपराधिक रिकार्ड ना होने की वजह से मिली है. वहीं पति समर्थ की अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई होने की उम्मीद है. ट्वीशा के पिता ने भी इस सुनवाई में शामिल होने की अर्जी दी है.
ट्वीशा ने लिखा नरक हो गई जिंदगी
ट्वीशा ने अपनी सहेली को लिखे आखिरी पोस्ट में चौंकाने वाली बात कही है. उसने लिखा है कि उसकी जिंदगी नरक हो चुकी है और अब वह इससे बाहर निकलना चाहती है. पिता ने बताया कि मंगलवार (12 मई) की रात करीब 10 बजे तक उसने फोन पर बात किया था. कहा था कि वह भोपाल छोड़कर वापस घर लौट रही है. ट्विशा के माता-पिता नवनिधि शर्मा और रेखा शर्मा ने खुद उस खौफनाक रात की कहापनी बयां की है. कहा कि बातचीत के दौरान अचानक ट्विशा सहम गई और उसका फोन कट गया था. इसके बाद ही उसके ससुराल वालों का संदेश आया कि वह सांस नहीं ले पा रही है.