मुरादाबाद में प्लॉट लेने का सुनहरा मौका, MDA की सह्याद्रि आवास योजना लॉन्च; जानें कीमत
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) की महत्वाकांक्षी सह्याद्रि आवास योजना का शुभारंभ हो गया है. सोनकपुर में स्थित यह योजना आधुनिक सुविधाओं और बेहतरीन कनेक्टिविटी के साथ 609 आवासीय प्लॉट होंगी. इसका क्षेत्रफल 50 से लेकर 200 वर्गमीटर तक सात अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है.
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) की महत्वाकांक्षी सह्याद्रि आवास योजना का शुभारंभ हो गया है. यह योजना सोनकपुर में मुरादाबाद-दिल्ली रोड कॉरिडोर पर विकसित की जा रही है. इसमें विभिन्न श्रेणियों में कुल 609 प्लॉट उपलब्ध होंगे. इनका क्षेत्रफल 50 से लेकर 200 वर्गमीटर तक निर्धारित किया गया है, जिन्हें सात अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है.
यह योजना करीब डेढ़ दशक (2010-11) से न्यायालयों में लंबित विवादों और सीलिंग के मामलों में फंसी हुई थी. MDA उपाध्यक्ष अनुभव सिंह, डीएम और उपजिलाधिकारी के विशेष प्रयासों के बाद आखिरकार इस योजना को धरातल पर उतारकर यूपी रेरा (RERA) पोर्टल पर भी पंजीकृत करा लिया गया है. प्लॉट के लिए रजिस्ट्रेशन 18 मई से शुरू हो गया है.
रजिस्ट्रेशन शुरू, आवेदन शुल्क 1500 रुपये
सह्याद्रि आवास योजना के लिए पंजीकरण की अवधि 18 मई 2026 से शुरू होकर 17 जून 2026 तक निर्धारित की गई है, इच्छुक नागरिक उत्तर प्रदेश शासन के जनहित पोर्टल (www.janhit.upda.in) और MDA की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पूरी तरह ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन शुल्क 1,500 रुपये तय की गई है.
इसके अलावा, सामान्य श्रेणी के आवेदकों को प्लॉट लागत का 10 प्रतिशत और आरक्षित श्रेणी के आवेदकों को 5 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि ऑनलाइन जमा करनी होगी. प्लॉटों का आवंटन पूरी तरह से पारदर्शी लॉटरी प्रणाली द्वारा किया जाएगा. खास बात यह है कि आवंटन के बाद एकमुश्त भुगतान करने पर 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी.
प्लॉटों को 7 अलग-अलग टाइप में बांटा गया
- टाइप-A: 200 वर्गमीटर
- टाइप-B: 162 वर्गमीटर
- टाइप-C: 112.5 वर्गमीटर
- टाइप-D: 72 वर्गमीटर
- टाइप-E: 81.50 वर्गमीटर
- टाइप-F: 60 वर्गमीटर
- टाइप-G: 50 वर्गमीटर
इन प्लॉटों की रेट 39,600 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई हैं. यह योजना आधुनिक सुविधाओं और बेहतरीन कनेक्टिविटी से लैस होगी, जो प्राइम लोकेशन पर स्थित है. इसकी कनेक्टिविटी दिल्ली रोड और कांठ रोड दोनों से बेहद सुगम है. यहां से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, विश्वविद्यालय, अस्पताल और व्यावसायिक संस्थान जैसी सुविधाएं बेहद नजदीक होंगी.