इधर अटकी थी मरीज की सांसें, ऑक्सीजन सिलेंडर खोलने में नाकाम रहा स्टाफ, फिर बरसाए हथौड़े ही हथौड़े

मुरादाबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां एक एबुलेंस में इलाज के लिए अस्पताल जा रहे मरीज को ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पड़ी. लेकिन स्टाफ उसे खोल पाने में नाकाम रहा. ऐसे में उसने ऑक्सीजन सिलेंडर खोलने के लिए उसपर हथौड़े से वार करना शुरू कर दिया.

ऑक्सीजन सिलेंडर पर हथौड़े से वार करता स्टाफ Image Credit:

मुरादाबाद से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो ने राज्य की चरमराती चिकित्सा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की पोल खोलकर रख दी है. यहां एक सरकारी एम्बुलेंस के भीतर जीवन-रक्षक ऑक्सीजन सिलेंडर का लॉक खोलने के लिए किसी तकनीकी औजार के बजाय हथौड़े का बेरहमी से इस्तेमाल किया गया है.

वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद से ही स्वास्थ्य महकमे की कार्यशैली, तत्परता और एम्बुलेंस में सफर करने वाले लाचार मरीजों की जिंदगी के साथ होने वाले इस खिलवाड़ को लेकर चौतरफा आलोचना शुरू हो गई है.चलती हुई एम्बुलेंस में इस तरह का जोखिम भरा कदम उठाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा था.

हल्की सी लापरवाही धमाके की वजह बन सकती थी

ऑक्सीजन सिलेंडर अत्यधिक ज्वलनशील और दबाव वाली गैस से भरे होते हैं. इस पर किया गया जरा सा भी गलत प्रहार गाड़ी में धमाके की वजह बन सकता है. इस वायरल क्लिप ने न सिर्फ एम्बुलेंस के भीतर मौजूद उपकरणों की रख-रखाव व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, बल्कि यह भी दिखा दिया है कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को किस कदर बुनियादी ट्रेनिंग तक नहीं दी गई है.

नहीं खुल पाया ऑक्सीजन सिलेंडर

सबसे बड़ी बात यह है कि मामला उस वक्त का है जब एंबुलेंस में एक मरीज मौजूद था, जिसकी हालत बेहद गंभीर थी. रास्ते में जब मरीज की सांसें उखड़ने लगीं और उसे तुरंत ऑक्सीजन सपोर्ट देने की जरूरत महसूस हुई. एंबुलेंस में तैनात स्वास्थ्य कर्मी (अटेंडेंट) ने सिलेंडर चालू करने की कोशिश की थी. मगर चाबी या रेगुलेटर न मिलने के कारण वह ऐसा नहीं कर सका.

एंबुलेस स्टाफ की इस हरकत से दंग रह गए परिजन

उसने सूझबूझ दिखाने की बजाय एक बड़ा हथौड़ा उठा लिया और सिलेंडर के लॉक पर ताबड़तोड़ चोट करनी शुरू कर दी थी, मरीज की जान वैसे ही हलक में अटकी थी और एम्बुलेंस स्टाफ के इस खतरनाक स्टंट को देखकर वहां मौजूद तीमारदार दंग रह गए थे. अपनी और मरीज की सुरक्षा को खतरे में देख परिजनों ने चुपके से इस पूरे नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया था, जो अब हर जगह छाया हुआ है.

सीएमओ दिया जांच के आदेश

मुरादाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. कुलदीप सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर तैर रहा वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है. यह मामला बेहद गंभीर है. सीएमओ ने तुरंत इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं. डॉक्टर कुलदीप सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि मरीजों की जान से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यदि जांच में एम्बुलेंस स्टाफ, अटेंडेंट या किसी भी अन्य संबंधित कर्मचारी की जरा सी भी कोताही या चूक उजागर होती है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

Follow Us