मुरादाबाद में एक्सीडेंट के बाद चक्का जाम करना पड़ा भारी, एंबुलेंस का रास्ता रोका; 95 लोगों पर FIR

मुरादाबाद में सड़क हादसे के बाद चक्का जाम कर परीक्षार्थियों और एंबुलेंस को रोकने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. मूंढापांडे थाने में 95 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई, जिनमें 15 नामजद हैं. उपद्रवियों ने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान प्रमुख हाईवे को बाधित किया, जिससे भारी असुविधा हुई.

मुरादाबाद: परीक्षा-एंबुलेंस रोके जाने पर 95 उपद्रवियों पर केस Image Credit:

मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना इलाके के काशीपुर-अलीगंज मुख्य मार्ग पर एक सड़क हादसे के बाद चक्का जाम करने वालों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. मूंढापांडे थाने में कुल 90 से 95 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. आरोप लगा कि हाईवे बाधित होने से परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थियों और एंबुलेंस को घंटों तक भीषण जाम से जूझना पड़ा था.

इस गैर-कानूनी और नियम विरुद्ध प्रदर्शन के कारण चारों तरफ भारी असुविधा और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया था. पुलिस प्रशासन की अपीलों को दरकिनार किया गया. साथ ही भीड़ को भड़काने और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता भीव कई गई. अब पुलिस मुकदमा दर्ज कर वीडियो फुटेज से अन्य दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने में जुटी है.

सड़क हादसे के बाद चक्का जाम करना पड़ा महंगा

मूंढापांडे थाना इलाके के काशीपुर रोड स्थित ग्राम मिलक घोबियान के पास उस समय शुरू हुआ था, जब एक अज्ञात पिकअप चालक ने एक पैदल जा रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी थी. सूचना मिलते ही पीआरवी 5898 और उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए सीएचसी भेजने का प्रबंध किया था.

लेकिन वहां मौजूद गांव के ब्रिजेश, विक्रम, मुकुट सिंह और बंटी समेत दर्जनों लोगों ने घायल को अस्पताल ले जाने का विरोध किया. सड़क हादसे पर देखते ही देखते ग्रामीणों ने करीब 40-50 पुरुषों और 20-30 महिलाओं की उग्र भीड़ को मौके पर बुला लिया. रास्ते में जबरन मोटरसाइकिलें खड़ी कर पूरा हाईवे जाम कर पुलिस पर अनुचित दबाव बनाने का प्रयास किया.

नशा में अचानक सड़क पर आने से हुआ था हादसा

मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि करनपुर चौकी क्षेत्र के तहत दलपतपुर से नेफा मार्ग पर स्थित धोबियों वाली मिलक गांव में सुबह करीब 5 बजे एक सड़क दुर्घटना हुई थी. एक नशा करने वाले व्यक्ति के अचानक सड़क पर आने के कारण यह हादसा हुआ था, जिसमें उसके पैर में चोट आई थी. इसके बावजूद ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन किया.

एसपी सिटी ने बताया कि इस नियम विरुद्ध कार्य के लिए 15-20 ग्रामीणों को नामजद कर करीब 95 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है. इनमें 30 महिलाओं भी शामिल हैं. एसपी सिटी ने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही वीडियो फुटेज से अन्य दोषियों की पहचान की जा रही है.

Follow Us