मुरादाबाद में 2 सड़क हादसे, एक में दुल्हन के मां-बाप तो दूसरे में भाई की मौत; शादी के जश्न में पसरा मातम

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दो भीषण सड़क हादसों ने शादी वाले तीन घरों में मातम फैला दिया. दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुए इन हादसों में से एक में एक दंपति की मौत हुई, जिनकी बेटी की शादी चार दिन पहले हुई थी. वहीं, दूसरे हादसे में दुल्हन के भाई ने दम तोड़ा, जिसकी शादी पांच दिन बाद होनी थी. इन हादसों ने खुशियों भरे माहौल को गम में बदल दिया और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

​उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दो परिवारों पर रफ्तार के कहर बरपा है. दोनों ही घरों में शादी थी. जश्न का माहौल था, इसी बीच हुए इन हादसों ने दोनों परिवारों को गम के सागर में डुबो दिया है. दरअसल, मुरादाबाद में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है. इन दोनों ही परिवारों में शादी थी. इसमें एक दुल्हन के माता-पिता की मौत हुई तो दूसरे में भाई की. इस हादसे के बाद दोनों ही परिवारों में कोहराम मच गया है.

फिलहाल सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है. पहला हादसा मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे का है. यहां एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पर खड़े डीसीएम में पीछे से टक्कर मार दिया. इस हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय मसरूर और उनकी 38 वर्षीया पत्नी रौनक परवीन की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में उनकी 6 वर्षीय मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल होकर तीर्थंकर महावीर अस्पताल में मौत से जंग लड़ रही है.

चार दिन पहले हुई थी बेटी की शादी

अमरोहा के ककराली माफी गांव के रहने वाले मसरूर ने अभी चार दिन पहले ही अपनी बड़ी बेटी का निकाह बड़े धूमधाम से किया था. शादी की रस्मे पूरी होने के बाद वह अपनी ससुराल कुंदरकी से वापस लौट रहे थे कि यह हादसा हो गया. उनके घर में अभी शादी की मिठाइयां बंट रहीं थी और मुबारकबाद का दौर चल रहा था, लेकिन इस हादसे के बाद घर में चित्कारें उठ रही हैं. लोग मातमपोशी करने आने लगे हैं.

दूसरी घटना में दुल्हन के भाई की मौत

​मुरादाबाद में ही हुए दूसरे हादसे में दुल्हन के भाई की मौत हुई है. यह हादसा मुड़ापांडे थाना क्षेत्र के मौलागढ़ के पास हुआ. इसमें दो बाइकों की टक्कर ने एक युवक की मौत हो गई. इस युवक की पहचान हैदराबाद में सैलून कारीगर 27 वर्षीय राशिद के रूप में हुई है. पांच दिन बाद ही राशिद की बहन रिजवाना की शादी है. अगले बुधवार को बारात आनी थी. घर में हल्दी-मेंहदी की रस्में चल रही थीं. लेकिन इस हादसे के बाद घर में मातम पसरा हुआ है. परिजनों के मुताबिक शादी का सामान लेने राशिद दलपतपुर गया था कि बीच रास्ते में यह हादसा हो गया.

Follow Us