शादी का कार्ड बांटने निकले थे दोस्त, डंपर ने पीछे से मार दी टक्कर, मुरादाबाद में दो भीषण सड़क हादसों में तीन की मौत
मुरादाबाद में दो अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई है. फिलहाल, तीनों मृतकों के शवों के पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मुरादाबाद पुलिस ने परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
मुरादाबाद जनपद में ईद की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दो अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए. पहली दिल दहलाने वाली घटना सिविल लाइंस के फव्वारा चौक पर हुई. यहां एक रोडवेज बस की टक्कर से युवक की जान चली गई. वहीं, दूसरी घटना मैनाठेर इलाके में घटी. यहां डंपर ने बाइक पर जा रहे दो दोस्तों को टक्कर मार दी. दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई. पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मुरादाबाद जनपद के थाना गलशहीद के ईदगाह इलाके के रहने वाले फरदीन पॉलिश का काम करते थे. काम खत्म करने के बाद वह अपने दोस्त मुकर्रम के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे. जैसे ही वे सिविल लाइंस थाना इलाके के फव्वारा चौक के पास पहुंचे,तभी एक अनियंत्रित रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी. इस भीषण भिड़ंत में फरदीन की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि मुकर्रम गंभीर रूप से घायल हो गया है. उधर बस चालक भी फरार हो गया.
शादी के कार्ड बांटने निकले दो दोस्तों की डंपर से कुचलकर मौत
दूसरी दुखद घटना मैनाठेर थाना इलाके के संभल रोड पर लालपुर हमीर के पास हुई है. यहां समीर और अयान नाम के दो दोस्त अपनी बाइक से रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बांटने के लिए निकले थे. घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और ईद का माहौल था. लेकिन तभी पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को रौंद दिया है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया है.हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस ने दोनों सड़क हादसों के लिए संज्ञान
दोनों सड़क हादसों का मुरादाबाद पुलिस ने संज्ञान लिया है. तीनों मृतकों के शवों के पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, मुरादाबाद पुलिस के अनुसार मृतकों के परिवार की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है, मुरादाबाद पुलिस सड़क हादसा को रोकने के लिए लगातार लोग कुछ जागरूक भी कर रही है ,लेकिन आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते मुरादाबाद जिले में हो रहे हादसे की वजह से लोग अपनी जान भी गंवा रहे हैं.