हेलो, तुम्हारा दूल्हा तो… आया ऐसा कॉल, दुबई की कहानी सुन दुल्हन के टूट गए सारे अरमान; शादी में मचा बवाल
उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद की एक शादी में उस समय हड़कंप मच गया जब दुल्हन को एक अनजान कॉल आई. कॉल पर दूल्हे की पहली शादी का खुलासा हुआ, जिससे दुल्हन बेहोश हो गई. मामला सामने आने पर परिजनों ने शादी रोक दी और बारातियों को बंधक बना लिया. हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद समझौता हुआ और शादी टूट गई.
उत्तर प्रदेश के एक शादी समारोह में एक चौंकाने वाली घटना हुई है. यहां एक दुल्हन के घर बारात आई थी. एक तरफ बारातियों की खातिरदारी हो रही थी, दूसरी तरफ स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन अपने-अपने एरिया में बैठे थे. उनके निकाह की रस्म कुछ ही देर में शुरू होने वाली थी. इतने में दुल्हन को एक अनजान नंबर से कॉल आई. इस कॉल को सुनते ही दुल्हन बेहोश हो गई. इससे परिजनों में हड़कंप मच गया. जैसे तैसे दुल्हन को होश में लाया गया.
फिर जो कहानी उसने बताई, उसे सुनकर उसके परिजनों ने दूल्हा समेत सभी बारातियों को बंधक बना लिया. यह पूरा मामला मुरादाबाद के पाकबड़ा इलाके का है. जानकारी के मुताबिक लंबे समय से सऊदी में रहकर नौकरी करने वाले एक की बड़े धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ बारात आई थी.दुल्हन के घर में भी खुशियों का माहौल था. दुल्हन के परिवार के लोग दूल्हे और उसके साथ आए बारातियों का स्वागत कर रहे थे. बारात की अच्छी खातिरदारी के पूरे इंतजाम किए गए थे.
एक कॉल से टूटे अरमान
इसके बाद निकाह की रस्म के लिए स्टेज पर अपने अपने एरिया में दूल्हा और दुल्हन आकर बैठे. इसी दौरान एक युवती ने दुल्हन को फोन किया. बताया कि उसका दूल्हा दगाबाज है. वह पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी करने के लिए आया है. यह सुनते ही दुल्हन के होश उड़ गए और बेहोश हो गई. बड़ी मुश्किल से परिवार वालों ने उसे संभाला. इसके बाद दुल्हन ने बताया कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है. देखते ही देखते यह मामला तूल पकड़ लिया.
सामने आई ये कहानी
युवक कुंदरकी थाना क्षेत्र में सौंदा गांव का रहने वाला है. वह लंबे समय से सऊदी में नौकरी करता था. वहां रहने के दौरान ही पंजाब की एक युवती से उसने प्रेम विवाह (निकाह) किया, लेकिन घर लौटने के बाद उसने शादी की बात छिपा ली. इधर, परिजनों ने उसकी शादी मैनाठेर इलाके में रहने वाली युवती से तय कर दी. इसके बाद युवक बारात लेकर निकाह के लिए पहुंच भी गया, लेकिन इसी बीच किसी माध्यम से उसकी पहली पत्नी को खबर हो गई और उसने दुल्हन को फोनकर सारी हकीकत बता दी.
टूट गई शादी
इस फोनकॉल के बाद दुल्हन के परिवार वालों ने शादी रोक दी और दूल्हा, उसके परिवार समेत सभी बारातियों को बंधक बना लिया. इस प्रकार शादी समारोह में हंगामा शुरू हो गया. मामला गहराते देख पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से मामला शांत कराया. पुलिस ने दूल्हा व उसके करीबी रिश्तेदारों से पूछताछ की. इस दौरान दूल्हे ने पहली शादी की बात कबूल की, कहा कि वह परिवार के दबाव में दूसरी शादी के लिए तैयार हुआ है. बाद में पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया.