साली ने जीजा से ही कर ली शादी; बहन से नहीं हुआ बर्दाश्त… घर बुलाकर मार डाला
मुरादाबाद में साली ने अपने ही जीजा से शादी कोर्ट मैरिज कर ली. इससे उसकी बहन नाराज हो गई.एक ही छत के नीचे अपनी सगी बहन को अपनी सौतन के रूप में देखना सुमन के लिए असहनीय हो गया था. ऐसे में उसने अपनी बहन को मौत के घाट उतार दिया.
मुरादाबाद के मैनाठेर थाना इलाके के तारा वाली मिलक गांव में हुई एक महिला की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने रिश्तों को शर्मसार करने वाला खुलासा किया है. पुलिस जांच के मुताबिक 22 वर्षीय ज्योति की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से नहीं हुई थी, बल्कि उसकी सगी बहन सुमन और उसके पति मुकेश ने मिलकर उसे मौत के घाट उतारा था. इस पूरे विवाद की जड़ में उसकी मुकेश के साथ चोरी-छिपे की गई कोर्ट मैरिज बनी. इसी शादी ने एक सगी बहन को दूसरी बहन की ‘सौतन’ बना दिया था.
पत्नी के छोटी बहन से पति ने कर लिया था कोर्ट मैरिज
संभल जनपद के सादेरनपुर निवासी ज्योति के पिता ने पुलिस को बताया कि मुकेश उनकी बेटी को बीमारी का इलाज कराने के बहाने अपने साथ ले गया था, लेकिन वह उसे वापस घर छोड़ने के बजाय मुरादाबाद ले आया था. यहां उन दोनों ने गुपचुप तरीके से कोर्ट मैरिज करते हुए विवाह रचा लिया था. विवाह की सूचना मुकेश की पहली पत्नी सुमन तक पहुंची, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई थी, एक ही छत के नीचे अपनी सगी बहन को अपनी सौतन के रूप में देखना सुमन के लिए असहनीय हो गया था.
घर बुलाकर सगी दीदी ने बहन को मार डाला
इसी सामाजिक लोकलाज और व्यक्तिगत ईर्ष्या की आग ने एक खूनी साजिश का रूप ले लिया था. फिर सुमन ने अपने पति के साथ मिलकर हमेशा के लिए ज्योति को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था. हत्याकांड को अंजाम देने के लिए सुमन ने बड़ी ही चतुराई से ज्योति और मुकेश को 25 मार्च को अपने पास बुलाया था. पहली नजर में सुलह की एक कोशिश लग रही थी, लेकिन सुमन के मन में आक्रोश का ज्वालामुखी धधक रहा था. आरोप है कि उसी रात घर के भीतर मुकेश और सुमन के बीच ज्योति को लेकर गहरा विवाद हुआ था.
पुलिस के आगे नहीं टिक पाया मुकेश और सुमन का बहाना
विवाद के बाद मुकेश और सुमन ने ज्योति का गला घोंट दिया था. अगली सुबह इस जघन्य अपराध को छिपाने के लिए दोनों पति-पत्नी ने कहानी रची कि ज्योति को अचानक दौरा पड़ा और उसकी मृत्यु हो गई है. उन्होंने शव को सामान्य दिखाने की पूरी कोशिश की, ताकि गांव वालों और पुलिस को गुमराह किया जा सके. लेकिन कानून की नजरों से वे बच नहीं पाए, क्योंकि ज्योति के गले पर पड़े नीले निशानों ने उनकी कहानी की कलई खोल गई है.
पति पत्नी ने स्वीकारा अपना जुर्म
मैनाठेर पुलिस ने जब शव का पोस्टमार्टम कराया, तो रिपोर्ट में साफ तौर पर ‘गला घोंटने’ (स्ट्रैंगुलेशन) के कारण मौत की पुष्टि हुई है. इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने संदेह के आधार पर सुमन और मुकेश को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई है. शुरुआत में दोनों ने पुलिस को बरगलाया, लेकिन साक्ष्यों के सामने आते ही वे टूट गए और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, प्रभारी निरीक्षक ने बताया सुमन अपनी सगी बहन का सौतन बनना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं कर पा रही थी.