मुज़फ्फरनगर में था एग्जाम, गूगल मैप ने पहुंचा दिया शामली; दर्जनों युवाओं की छूट गई पुलिस भर्ती परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 में गूगल मैप की गलती से सैकड़ों अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई है. मुजफ्फरनगर के परीक्षा केंद्र के बजाय गूगल मैप उन्हें शामली ले गया. परीक्षा सेंटर पर पहुंचने के बाद वास्तविकता पता चलने पर वे कलेक्ट्रेट पहुंचे और दोबारा परीक्षा कराने की मांग की. अधिकारियों ने इस संबंध में भर्ती बोर्ड से पत्राचार का आश्वासन दिया है.
उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 का आज तीसरा और आखिरी दिन था. हापुड़, गाजियाबाद और बुलंदशहर आदि जिलों के दर्जनों अभ्यर्थियों का एग्जाम सेंटर मुजफ्फरनगर में था. वह पेपर देने के लिए नियत समय पर घर से निकल भी गए, लेकिन गूगल मैप के सहारे वो मुजफ्फरनगर के बजाय शामली के परीक्षा सेंटर पर पहुंच गए. वहां जब उन्हें वास्तविकता का ज्ञान हुआ तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ के कुछ अभ्यर्थी बुधवार की सुबह पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर देने के लिए मुजफ्फरनगर आ रहे थे. चूंकि उन्हें रास्ते का ज्ञान नहीं था, इसलिए उन लोगों ने गूगल मैप में नगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित परीक्षा केंद्र दीपचंद जैन इंटर कॉलेज की लोकेशन डाली और चल दिए. इस लोकेशन पर चलते चलते वह शामली पहुंच गए. वहां पहुंचकर उन्हें पता चला कि वो वास्तविक लोकेशन से काफी दूर आ गए हैं.
रोते पीटते पहुंचे कलक्ट्रेट
यह सुनते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.चूंकि कुछ मिनटों में ही परीक्षा शुरू हो गई, इसलिए उनका पेपर छूट गया. ऐसे में वह रोते-पीटते कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों से गुहार लगाई. इन अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को एक लिखित शिकायत पत्र देते हुए दोबारा से परीक्षा कराने की मांग की है. अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह भर्ती बोर्ड से पत्राचार करेंगे. वहां जैसा आदेश मिलेगा, आगे की कार्रवाई होगी.
सौ से अधिक छात्रों का छूटा है पेपर
वैसे तो पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पेपर छोड़ दिया है, लेकिन 100 से अधिक अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिनकी परीक्षा गूगल मैप की वजह से छूटी है. इनमें बड़ी संख्यामें अभ्यर्थी या तो भटकते रह गए या फिर देर से परीक्षा सेंटर पर पहुंचे थे. गाजियाबाद से आए अभ्यर्थी अरुण मलिक के मुताबिक उनकी परीक्षा पहली शिफ्ट में थी, वह गूगल मैप के सहारे चल तो दिए लेकिन मुज़फ़्फ़रनगर के बजाय गूगल मैप ने उन्हें शामली पहुंचा दिया. इसी तरह की शिकायत अन्य अभ्यर्थियों की भी है.
क्या कहते हैं अधिकारी
एसपी सिटी अमृत जैन के मुताबिक चार अभ्यर्थियों ने शिकायत दी है. इनमें दो हापुड़ के रहने वाले हैं और दो गाजियाबाद के. आज 10 जून को उनका एग्जाम था और सेंटर नई मंडी थाना क्षेत्र में था. इनकी शिकायत है कि गूगल मैप पर उन्होंने सेंटर का नाम लिखा था, लेकिन जब वह लोकेशन पर पहुंचे तो पता चला कि वह शामली में हैं. जिसकी वजह से उनका एग्जाम छूट गया है. ऐसे में चेक कराया जा रहा है कि अब इसमें क्या किया जा सकता है.