भंगेल एलीवेटेड रोड पर बनेगा क्लोवर लीफ, नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 20 सेक्टरों में आसान होगी पहुंच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के भंगेल एलिवेटेड रोड पर क्लोवर लीफ का शिलान्यास किया. 67.81 करोड़ की लागत से बरौला टी-पॉइंट पर बनने वाला यह इंटरचेंज 2 साल में पूरा होगा. इससे 4 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा, खासकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 20 से अधिक सेक्टरों को. यह परियोजना ट्रैफिक जाम कम कर एलिवेटेड रोड पर सीधा आवागमन सुनिश्चित करेगी.

भंगेल एलीवेटेड पर बनेगा क्लोवर लीफ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के भांगेल एलीवेटेड रोड में क्लोवर लीफ का शिलान्यास किया है. यह क्लोवर लीफ पिलर नंबर 59 बरौला टी पॉइंट पर बनेगा. इसमें करीब 67.81 करोड़ रुपए की लागत आएगी. इस परियोजना से एलिवेटेड रोड पर चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी. इससे करीब चार लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार क्लोवर लीफ का निर्माण लगभग 2 वर्षों में पूरा होगा.

प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक इस क्लोवर लीफ के बनने से दादरी रोड, विश्वकर्मा रोड और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक कम हो जाएगा और इन सड़कों पर हमेशा लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी. फिलहाल एलीवेटेड रोड पर बीच में चढ़ने उतरने का कोई प्रावधान नहीं है. ऐसे में लोगों को चढ़ने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है. अधिकारियों के मुताबिक इस क्लोवर लीफ बनने से नोएडा के सेक्टर 74, 75, 76, 77, 78 समेत 20 से अधिक सेक्टर वासियों को सीधा लाभ मिलेगा.

एलीवेटेड से जुड़ेंगे ये क्षेत्र

अधिकारियों के मुताबिक इस क्लोवर लीफ के बनने से सेक्टर 42, 47, 48, 49 के अलावा हाजीपुर बरौला और सलारपुर गांव भी एलिवेटेड रोड से कनेक्ट हो जाएगा. बताया गया है इन क्षेत्रों की 78 से अधिक आवासीय सोसाइटी में रहने वाले करीब चार लाख लोगों को इस परियोजना का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. उनके रोजाना के सफर का समय कम होगा और सड़कों पर ट्रैफिक का दवाब भी घटेगा.

2020 में शुरू हुआ था काम

सेक्टर 40 अगाहपुर से सेक्टर 82 एनएसईजेड तक लगभग 4.5 किमी लंबे छह लेन एलीवेटेड रोड का निर्माण वर्ष 2020 में शुरू हुआ था. यह परियोजना लगभग 608 करोड़ रुपए के लागत से तैयार हुई और नवंबर में इसे लोगों के लिए खोल दिया गया. हालांकि बरौला टी पॉइंट पर क्लोवर लीफ नहीं होने के कारण स्थानीय लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे. अब क्लोवर लीफ बनने के बाद वाहन चालक सीधे एलिवेटेड रोड पर चढ़ और उतर सकेंगे. अधिकारियों के मुताबिक इस ग्लोबल लीफ इंटरचेंज बनने से एलिवेटेड रोड की उपयोगिता और बढ़ जाएगी.

Follow Us