जमा-पूंजी लगाकर खरीदा था सपनों का घरौंदा, घटिया निर्माण ने छीनी जिंदगी; बिल्डर पर फूटा लोगों का गुस्सा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत अंबर सोसाइटी में घटिया निर्माण के कारण एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. छत का प्लास्टर गिरने से हुई इस घटना ने निवासियों को आक्रोशित कर दिया है. लोग बिल्डर की लापरवाही और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं, अपनी जीवन भर की जमा पूंजी से खरीदे घरों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं.

अंबर अरिहंत सोसायटी, ग्रेटर नोएडा Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर घटिया निर्माण को लेकर बिल्डर पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत अंबर सोसाइटी की हाईराइज बिल्डिंग में घटिया निर्माण की वजह से शनिवार की शाम एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. उसके ऊपर सीलिंग के प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया था. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

यह खबर सुनते ही सोसायटी में हड़कंप मच गया. एक तरफ जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं सोसायटी के सैकड़ों लोग अपने घरों से बाहर आकर प्रदर्शन करने लगे. पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान विकास चावला के रूप में हुई है. वह अरिहंत अंबर सोसायटी के टावर डी 1560 में रहते थे. इस घटना को लेकर सोसायटी के रहवासियों ने बिल्डर पर घटिया निर्माण का आरोप लगाया. कहा कि जीवन भर की जमा पूंजी लगाकर उन्होंने घरौंदा खरीदा, बिल्डर की लापरवाही से वही उनकी जान ले रहा है.

पहले भी कई बार हो चुके हैं हादसे

सोसाइटी वासियों के मुताबिक यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई बार यहां इमारत से प्लास्टर करने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. लोगों ने इसकी शिकायत बिल्डर प्रबंधन से भी की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. निवासियों के मुताबिक अगर बिल्डर द्वारा समय पर मरम्मत और सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाई जाती तो शायद विकास चावला की जान नहीं जाती. हादसे के बाद लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

2019 में मिला था फ्लैट का कब्जा

सोसायटी के लोगों ने बताया की अरिहंत अंबर सोसाइटी में चार टावर और करीब 628 फ्लैट हैं. वर्ष 2019 में बिल्डर द्वारा फ्लैट का कब्जा दिया गया था. इसके बाद से ही कई निवासी निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठाते रहे हैं. बताया जा रहा है कि साल 2023 में एओए ने सोसाइटी का हैंडोवर लेने के बाद बिल्डर के खिलाफ रेरा का दरवाजा भी खटखटाया था. उसके बाद मरम्मत का कार्य शुरू किया गया, लेकिन कई महीनों से यह काम भी ठप है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

विकास चावला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं सोसायटी के लोग घटना से नाराज हैं. निवासियों ने पूरे निर्माण की जांच करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई है. थाना प्रभारी बिसरख मुनेंद्र सिंह का कहना है कि फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है. परिजनों से बातचीत की जा रही है. शिकायत तहरीर मिलने पर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us