चाइल्ड PGI के पार्क में खेल रहे बच्चे को लगा करंट, साथियों ने ऐसे बचाई जान

नोएडा सेक्टर 30 के चाइल्ड PGI के पार्क में 7 साल के अभिराज को खुले बिजली के तार से करंट लग गया. गनीमत रही कि पास खेल रहे बच्चों ने सूझबूझ दिखाते हुए फुटबॉल और चप्पल की मदद से उसे तार से दूर किया, जिससे उसकी जान बच गई. अभिराज के हाथ में चोट लगी है और वह सदमे में है, हालांकि डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

नोएडा सेक्टर 30 के चाइल्ड पीजीआई के पार्क में एक स्टाफ के बच्चे को करंट लग गया, जिससे वह जख्मी हो गया. गनीमत इस बात की रही कि उसके साथ खेल रहे बच्चों ने बहादुरी दिखाते हुए फुटबॉल और चप्पल फेंक कर और डंडे से बच्चे को बिजली के नंगे तार से दूर किया. इससे उसकी जान बच सकी. यह 7 साल का बच्चा अभिराज अपनी मां दिशा गुप्ता के साथ चाइल्ड पीजीआई के ही स्टाफ क्वार्टर में रहता है.

अभिराज की मां दिशा टेक्नीशियन है जो इसी अस्पताल में काम करती हैं. मंगलवार की शाम तकरीबन 6:30 बजे तीसरी क्लास में पढ़ने वाला अभिराज दूसरे बच्चों के साथ पार्क में खेल रहा था. इस दौरान वह पार्क में बिजली का एक खंभा के पास जमीन पर पड़े तार के संपर्क में आ गया. इससे उसे करंट लग गया. गनीमत रही कि पास में ही करीब 15 बच्चे और भी खेल रहे थे और उन सभी देख लिया.

ऐसे बचाई जान

अभिराज को करंट लगते देखकर सभी बच्चे दौड़े और सूझबूझ से काम लेते हुए फुटबॉल और चप्पल आदि की मदद से तार को उससे दूर किया. फिर तत्काल मामले की जानकारी उसकी मां को दी. इसके बाद अभिराज को घायल हालत में इमरजेंसी वार्ड में एडमिट कराया गया. फिलहाल उसके हाथ में करंट की वजह से चोट लगी है, वह सदमे में है, लेकिन डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है.

अथॉरिटी पर मां का फूटा गुस्सा

घटना के बाद अभिराज की मां की आंखों में आंसू और गुस्सा साफ नजर आया. उसने अस्पताल अथॉरिटी, बिजली कर्मचारी और पार्क के मेंटेनेंस करने वालों पर नाराजगी प्रकट की. हालांकि अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल कर रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक यह बिजली का तार कई दिनों से पड़ा है और यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

Follow Us