UP विधानसभा चुनाव में अलग राह पर PM मोदी के ‘हनुमान’, सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

प्रधानमंत्री मोदी के 'हनुमान' चिराग पासवान ने यूपी विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है. LJP (रामविलास) बिहार के शानदार प्रदर्शन को दोहराना चाहती है, ताकि झारखंड, नागालैंड के बाद उत्तर प्रदेश में भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा सके. उनका लक्ष्य पार्टी को राष्ट्रीय दल का दर्जा दिलाना है, जिसके लिए यह कदम अहम है.

चिराग पासवान Image Credit:

खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हनुमान बताने वाले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में अलग राह चलने का संकेत दिया है. ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बिहार के अलावा झारखंड, नागालैंड में उनके विधायक हैं, अब यूपी में भी उनकी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ने जा रही है.

उन्होंने कहा कि अभी तक गठबंधन पर कोई बात नहीं हुई है, लेकिन उनकी तैयारी सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की है. केंद्रीय मंत्री पासवान यहां ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो एंड सेंटर मार्ट में आयोजित ‘मिराकी’ कार्यक्रम पहुंचे थे. इस दौरान उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों को लेकर मीडिया से बात की. इस दौरान उन्होंने यूपी में चुनाव लड़ने का ऐलान किया.

शानदार प्रदर्शन की उम्मीद

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की प्रदेश इकाई जल्द ही उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजेगी. इसके बाद विचार विमर्श कर उम्मीदवारों का ऐलान किया जाएगा. इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बिहार में हुए विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी लोजपा (रामविलास) ने शानदार प्रदर्शन किया था. उत्तर प्रदेश के चुनावों में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन की उममीद जताई.

राष्ट्रीय पार्टी बनेगी लोजपा!

चिराग पासवान ने पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार की रूपरेखा साझा की. कहा कि उनकी पार्टी केवल बिहार में सिमट कर नहीं रहना चाहती. झारखंड और नागालैंड में उनके विधायक है ही, अब अगला नंबर उत्तर प्रदेश का है. इसके बाद वह पंजाब और उत्तराखंड के विधानसभा चुनावों में भी अपने उम्मीदवार उतारेंगे. हाल ही में इसी सोच के तहत यूपी में दो बड़े कार्यक्रम आयोजित हुए है. उत्तराखंड में भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें हुई हैं.

Follow Us