DJ का साउंड ही तो कम करने के लिए बोला था, सगे भाइयों ने पीट-पीटकर ले ली जान; दोनों अरेस्ट

नोएडा में डीजे की तेज आवाज कम करने को कहने पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. गेझा गांव में जन्मदिन पार्टी में डीजे बज रहा था, जिस पर पड़ोसी सतीश शर्मा ने आपत्ति जताई. इसके बाद दो सगे भाइयों ने उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.

मौके पर पहुंची पुलिस

राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है. यह वारदात नोएडा फेज-2 थाना क्षेत्र के गेझा गांव की है. यहां आयोजित एक बर्थडे पार्टी में तेज आवाज में डीजे बज रहा था. पास में ही रहने वाले युवक ने इस पर आपत्ति की और आवाज कम करने को कहा. इतनी सी बात पर दो भाइयों ने युवक के साथ बुरी तरह से मारपीट की. इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक गेझा गांव की गली नंबर 4 में शनिवार को सुमित के बेटे का जन्मदिन कार्यक्रम चल रहा था. कार्यक्रम के दौरान होम थिएटर पर तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे. सामने रहने वाले सतीश शर्मा को तेज आवाज से परेशानी हुई तो उन्होंने सुमित के घर जाकर आवाज कम करने के लिए कहा.

सड़क पर गिराकर पीटा

इतनी सी बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया. इसके बाद आरोपी सुमित और उसके भाई ललित ने सतीश को पटककर बुरी तरह से मारपीट की. इस दौरान उनके सिर, मुंह और शरीर के बाकी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. इससे वह बेहोश हो गए. परिजनों ने आनन फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टर ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही फेज-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के भाई मनीष ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उन्हें अरेस्ट किया है. एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पहले भी चुकी है ऐसी घटना

नोएडा में यह कोई पहला मामला नहीं है. बीते 19 जून 2026 को नोएडा के फेज-1 थाना क्षेत्र इलाके के सेक्टर 15 में पार्किंग विवाद में दिल्ली आईआईटी से पासआउट युवक ने एक 77 वर्षीय सेवानिवृत्ति बैंक अधिकारी को थप्पड़ मार दी थी. इस घटना में बुजुर्ग नीचे गिर गए और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी.

Follow Us