4 किलोमीटर एलिवेटेड रोड, अलग होगा कंटेनर ट्रैफिक; ग्रेटर नोएडा में खत्म होगा एक और जाम पॉइंट

ग्रेटर नोएडा में तिलपता क्षेत्र में 4 किमी लंबा एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव है. यह परियोजना दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से आने वाले वाहनों को भीषण जाम से राहत देगी, विशेषकर कंटेनर ट्रैफिक को. ऊपरी मार्ग भारी वाहनों के लिए होगा, जबकि निचली सड़क स्थानीय आवागमन के लिए रहेगी. इससे तिलपता गोल चक्कर और कंटेनर डिपो के पास ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा.

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में जाम से जूझ रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. इस समस्या के समाधान के लिए शहर में एक नया एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव है. इससे ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के बीच सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी. यह एलिवेटेड रोड ग्रेटर नोएडा के तिलपता क्षेत्र में डीएससी मार्ग पर बनेगा. करीब 4 किमी लंबे इस एलिवेटेड रोड से यहां लगने वाले भीषण जाम से निजात मिल जाएगी.

योजना के मुताबिक उत्तर प्रदेश सेतु निगम इस परियोजना का सर्वे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट डीपीआर तैयार करेगा. डीपीआर के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा. जानकारी के मुताबिक तिलपता गोल चक्कर से कंटेनर डिपो तक का यह इलाका लंबे समय से ट्रैफिक जाम की बड़ी समस्या से जूझ रहा है. यहां से दादरी रेलवे ओवरब्रिज, रूपवास बाईपास, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों का भारी दबाव रहता है.

कंटेनर की वजह से लगता है जाम

इस रोड पर खासकर कंटेनर और अन्य भारी वाहनों के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है. एलिवेटेड रोड बनने के बाद भारी वाहनों का आवागमन ऊपरी मार्ग से कराया जाएगा. जबकि नीचे की मौजूदा सड़क स्थानीय ट्रैफिक के लिए खुली रहेगी. इससे मुख्य सड़क पर दबाव कम होगा और लोगों को लंबे जाम से राहत मिलेगी. प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार एलिवेटेड रोड की शुरुआत तिलपता गोल चक्कर के पास स्थित पुलिस चौकी से होगी. यह कंटेनर डिपो तक जाएगा. परियोजना की लंबाई करीब 4 किलोमीटर होगी.

तेजी से बढ़ रहा ट्रैफिक

परियोजना विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एलिवेटेड रोड बनने के बाद कंटेनर डिपो की ओर से जाने वाले सभी भारी वाहन इसी मार्ग का प्रयोग करेंगे. इससे स्थानीय ट्रैफिक प्रभावित नहीं होगा और रोजाना लगने वाले भीषण जाम में काफी कमी आएगी. वर्तमान सड़क स्थानीय लोगों के उपयोग के लिए पहले की तरह खुली रहेगी. वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि शहर में ट्रैफिक का दबाब तेजी से बढ़ रहा है. इसकी वजह से तिलपता गोल चक्कर और कंटेनर डिपो के पास जाम एक बड़ी समस्या बन चुका है.

Follow Us