सुबह मिली CCTV फुटेज, दोपहर में पहचान फिर शाम को एनकाउंटर… मासूम के हत्यारे बल्ला के खात्मे की कहानी
ग्रेटर नोएडा में सात साल की मासूम की हत्या करने वाले आरोपी बल्ला को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. CCTV फुटेज से पहचान के बाद पुलिस ने उसे पकड़ा था. इसके बाद निशानदेही के लिए उसे घटना स्थल पर ले जाया गया, जहां से आरोपी ने भागने और दरोगा की पिस्टल छीनकर फायरिंग करने की कोशिश की. इसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक सात साल की मासूम बच्ची का गला घोंटकर हत्या के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. मामला ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र के हल्द्वानी गांव का है. वारदात के बाद का एक सीसीटीवी फुटेज पुलिस को हाथ लगा. इस सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने आरोपी बलराज उर्फ बल्ला की पहचान की और थोड़ी ही देर बाद उसे दबोच लिया. फिर जब पुलिस आरोपी को निशानदेही के लिए मौके पर ले गई तो वह हाथ छुड़ा कर भागने लगा.
यहां तक कि दरोगा की पिस्टल छीनकर फायरिंग करने लगा. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया है. पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त की शाम बच्ची के परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. इस सूचना पर पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए पांच टीमें बनाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह के मुताबिक एक फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ जाते नजर आया और दूसरे फुटेज में वह बोरी में कुछ रखकर वापस लौटते दिखा.
दुष्कर्म का भी है आरोप
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने मासूम के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या की. फिर शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगा दिया. एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह के मुताबिक आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर उसे अरेस्ट कर लिया और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए उसे घटना स्थल पर ले गई थी. इसी दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की. पुलिस ने उसे फिर से पकड़ तो लिया, लेकिन आरोपी ने दरोगा की पिस्टल छीनकर फायरिंग करने की कोशिश की.
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान वह गोली लगने से घायल हो गया. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है. उधर, मृत बच्ची के परिजन भी आरोपी के खिलाफ फांसी या एनकाउंटर की मांग कर रहे थे. वहीं एनकाउंटर की खबर मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार प्रकट किया है. परिजनों के मुताबिक उनकी बच्ची वापस तो नहीं आएगी, लेकिन आरोपी को वहां पहुंचा दिया गया है, जहां का वह हकदार था.