कुरुक्षेत्र बना नोएडा का ये मॉल… डांस फ्लोर पर धक्का-मुक्की, फिर बाउंसरों ने कर दिया ये हाल; वीडियो वायरल
नोएडा के गार्डन गैलरिया मॉल में देर रात युवकों और बाउंसरों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हो गया है. एक बार में शुरू हुए विवाद में बाउंसरों ने नशे में धुत युवकों को बाहर निकालकर बुरी तरह पीटा. इस घटना ने मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि ऐसी घटनाएं यहां आम हो गई हैं.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित गार्डन गैलरिया मॉल एक फिर विवादों में है. इस मॉल के एक बार में शुक्रवार की देर रात दो दर्जन लोगों में झगड़ा हो गया. बीच बचाव करने बाउंसर आए, लेकिन विवाद सुलझने के बजाय और बढ़ता चला गया. इसके बाद बाउंसरों ने शराब के नशे में धुत युवकों को खींच कर बाहर निकाला और फिर जमीन पर पटक-पटक कर मारपीट की. इस घटना का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है.
यही फुटेज अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो में भी साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह से बाउंसर युवक को गिरा-गिराकर पीट रहे हैं. बड़ी बात यह कि बीच शहर में और बीच सड़क पर मारपीट होती रही, लेकिन पास में ही मौजूद पुलिस चौकी घटना स्थल तक आने में पुलिस को आधे घंटे का समय लग गया. एसीपी नोएडा प्रवीण कुमार के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. इसके बाद पुलिस ने हालात को कंट्रोल करते हुए सात लोगों को हिरासत में लिया है.
यह है मामला
जानकारी के मुताबिक नोएडा सेक्टर 39 थानांतर्गत गार्डन गैलरिया मॉल में शुक्रवार की देर रात कुछ युवक पार्टी करने के लिए आए थे. इस दौरान एक बार में यह सभी लोग डीजे पर डांस कर रहे थे. उस समय बार में काफी भीड़ थी और किसी बात पर लोगों में धक्का-मुक्की होने लगी. देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा तो सुरक्षा में तैनात बाउंसर बीच बचाव करने आए, लेकिन युवकों ने बाउंसरों के साथ भी धक्का-मुक्की कर दी. इसके बाद बाउंसरों ने इन युवकों को बाहर निकाल कर पीटना शुरू कर दिया. उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया.
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर से गार्डन गैलरिया मॉल और उसमें मौजूद निजी बार में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. दरअसल, इस तरह की घटनाएं यहां आए दिन हो रही हैं, बावजूद इसके अभी तक ना तो मॉल प्रबंधन में सुरक्षा को लेकर कोई ठोस इंतजाम किया है और ना ही ना ही बार संचालकों ने कोई एहतियात बरती है. वहीं दूसरी ओर, पुलिस अधिकारी भी इस संबंध में साफ तौर पर कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रात के समय माल के बाहर पुलिस की एक यूनिट हमेशा तैनात रहती है.
