गर्मी के कहर के बीच बड़ा फैसला, नोएडा में 8वीं तक के स्कूलों की टाइमिंग बदली गई
गौतम बुद्ध नगर में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए, कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों का समय बदल दिया गया है. साथ ही स्कूलों का समय भी घटाया गया है. बच्चों को कड़ी धूप से बचाने के लिए लिया गया यह फैसला सरकारी और निजी, सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा.
गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है. जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी बोर्डों के कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है. नए आदेश के अनुसार, अब सभी स्कूल सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे. यह आदेश जिले के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा.
जिले में पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है. दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है. स्कूलों के समय को घटाने और टायमिंग में बदलाव से विद्यार्थियों को दोपहर की तेज गर्मी और लू से बचाया जा सकेगा.
शिक्षक संघ ने समय बदलने की उठाई थी मांग
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने बताया कि विद्यालयों के समय में किया गया यह बदलाव केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा, जनपद में संचालित सभी बोर्ड के विद्यालयों पर यह आदेश समान रूप से लागू होगा. बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन करना होगा.
दरअसल, प्राथमिक शिक्षक संघ ने भी लगातार बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए स्कूलों का समय बदलने की मांग उठाई थी. शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात कर बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल निर्णय लेने का अनुरोध किया था. वहीं अब प्रशासन ने इसको लेकर आदेश जारी कर दिया.
अभिभावकों ने जनहित में लिया गया कदम बताया
अभिभावकों ने भी जिला प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है. उनका कहना है कि छोटे-छोटे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करना चाहिए. ऐसे में भीषण गर्मी के दौरान स्कूलों के समय में बदलाव जनहित में लिया गया एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है.