पूर्वांचल में बारिश, मध्य UP में लू का अलर्ट; जानें नोएडा-गाजियाबाद में आज का मौसम

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के मौसम पर विरोधाभासी अलर्ट जारी किए हैं. जहां पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी (नोएडा-गाजियाबाद) में बारिश और आंधी की संभावना है, वहीं मध्य यूपी और बुंदेलखंड में भीषण लू और गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. यहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. मानसून अभी 2-3 दिन दूर है, जिससे राज्य में मिलाजुला मौसम देखने को मिल रहा है.

आज का मौसम Image Credit: प्रतीकात्मक तस्वीर

सीजन तो मानसून का चल रहा, लेकिन अभी भी उत्तर प्रदेश से काफी दूर है. मौसम वैज्ञानिकों को अनुमान है कि अभी मानसून की बारिश शुरू होने में दो से तीन दिन और लगेंगे. इस बीच उत्तर प्रदेश में मौसम खुद कंफ्यूज हो गया है. भारतीय मौसम विभाग ने आज पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में आंधी-तूफान की भी आशंका है. वहीं मध्य यूपी और बुंदेलखंड के कुछ जिलों में दिन निकलने के साथ ही भीषण गर्मी शुरू हो गई है. इन जिलों में भीषण लू चलने के आसार हैं.

वहीं राष्ट्रीय राजधानी से सटे पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और मुरादाबाद समेत आसपास के जिलों में रात से आसमान में बादलों की आवाजाही देखी जा रही है. इन जिलों मेंआज कहीं हल्की बारिश तो कहीं आंधी चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज गोरखपुर, बस्ती, देवरिया और कुशीनगर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

मध्य यूपी में गर्मी का कहर

मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ, कानपुर , प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट समेत बुंदेलखंड के कई अन्य जिलों में आज भी गर्मी कहर बरपा सकती है. इन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक मध्य और दक्षिणी यूपी के कई हिस्सों में आज भीषण लू चल सकती है. इसका असर मध्य यूपी के भी कई जिलों में देखने को मिल सकता है. इससे बांदा, चित्रकूट, झांसी, जालौन आदि जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है.

पूर्वांचल में राहत की फुहार

मौसम विभाग ने पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद समेत अन्य जिलों में भी बादलों की आवाजाही रह सकती है. यहां भी छोटे छोटे पॉकेट में हल्की बारिश के आसार हैं. कुछ जिलों में आंधी भी चल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा. इसके बाद यूपी में मानसून दस्तक दे सकता है.

Follow Us