फौजी पिता की पिस्टल, दोस्त ने चलाई गोली; चढ़त में हर्ष फायरिंग का सामने आया सच
ग्रेटर नोएडा में बारात की चढ़त के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में 11 साल के बच्चे कृष को सिर में गोली लगी थी. फौजी की पिस्तौल से हुए इस हादसे में उसकी हालत नाजुक है. पुलिस ने दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है. यह घटना हर्ष फायरिंग की गंभीरता और लापरवाही के दुखद परिणामों को उजागर करती है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में बारात की चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग का पूरा सच सामने आ गया है. इस घटना में एक 11 साल के बच्चे को गोली लगी थी. तीन दिन पहले हुई इस वारदात में बुरी तरह जख्मी इस बच्चे की हालत आज भी नाजुक बनी हुई है. पुलिस के मुताबिक यह वारदात दूल्हे के दो दोस्तों ने अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. वारदात ग्रेटर नोएडा के नगला चमरू गांव का है.
यहां शनिवार की रात बारात की चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग हुई थी. लापरवाही से की गई फायरिंग के दौरान गोली 11 साल के बच्चे कृष को गोली लगी. इससे मौके पर भगदड़ मच गई थी. आनन फानन में बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां वह अपनी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. उसके पिता के मुताबिक उनका बेटा आईसीयू में है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस ने इनके पास से एक लाइसेंसी पिस्टल और एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है.
गाजियाबाद के हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान गाजियाबाद में टीला मोड़ निवासी अभिषेक (27) और ईशु (24) के रूप में हुई है.
थाना प्रभारी जारचा के मुताबिक अभिषेक, निक्की और इशू तीनों दोस्त हैं. निक्की अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल लेकर शादी में आया था. उसने चढ़त के समय पिस्टल अपने दोस्त अभिषेक को दे दिया. वहीं अभिषेक द्वारा की गई फायरिंग में बच्चे को गोली लगी थी. इस वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए थे. हालांकि पुलिस ने दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया, वहीं तीसरे की तलाश जारी है.
पहले भी टशन दिखा चुका है अभिषेक
पुलिस के मुताबिक आरोपी अभिषेक पहले भी इसी प्रकार से टशन दिखा सका है. करीब दो साल पहले अपने बर्थडे पार्टी के दौरान ही उसने टशनबाजी करते हुए हवाई फायरिंग की थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. पुलिस ने इस वीडियो को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. उधर, घायल बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बच्चे के पिता के मुताबबिक अस्पताल का खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है. बताया कि वह तो मेहनत मजदूरी करके परिवार चलाते थे, लेकिन अब काफी मुश्किल हो गई है.
मुश्किल है ऑपरेशन
बच्चे का इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक कृष की हालत नाजुक बनी हुई है. गोली सिर में लगी है इसलिए ऑपरेशन थोड़ा मुश्किल है. चूंकि बच्चा अभी बेहोश है. इसलिए उसके होश में आने के बाद ही सही स्थिति का पता चल पाएगा. उधर, पंचायत से लेकर गांव तक में गुस्से की स्थिति है. लोगों का कहना है कि फौजी और उसके बेटे को इतनी गैर जिम्मेदारी नहीं दिखानी चाहिए थी.