नोएडा की इंटरनेशनल फिल्म सिटी में होगी पहली मूवी की शूटिंग, 20 दिन में तैयार होगा ‘मॉम-2’ का सेट
उत्तर प्रदेश की इंटरनेशनल फिल्म सिटी में जल्द शुरू 'मॉम-2' की शूटिंग होगी. गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में विकसित हो रही इस फिल्म सिटी में सेट के लिए लैंड मैपिंग शुरू हो चुकी है. 20 दिन में शूटिंग सेट तैयार होगा और फरवरी अंत या मार्च की शुरुआत में फिल्मांकन शुरू हो जाएगा. यह सीएम योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘इंटरनेशनल फिल्म सिटी’ में जल्द ही पहली फिल्म की शूटिंग होगी. पहली फिल्म शूटिंग के रूप में ‘मॉम-2’ का फिल्मांकन होने जा रहा है. फिल्म सिटी परिसर में शूटिंग को लेकर प्रारंभिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. परियोजना का निर्माण कर रहे बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के ज्वाइंट वेंचर ‘बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड’ ने जमीन की मैपिंग का काम शुरू कर दिया है.
अधिकारियों के अनुसार, मैपिंग पूरी होने के बाद करीब 20 दिनों के भीतर शूटिंग सेट तैयार कर लिया जाएगा, जिसके बाद फिल्म की शूटिंग शुरू होने की संभावना है. गौरतलब है कि इंटरनेशनल फिल्म सिटी प्रोजेक्ट का काम बॉलीवुड के प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक बोनी कपूर व भूटानी ग्रुप को संयुक्त रूप से मिला है. इस कंपनी ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के साथ एग्रीमेंट साइन किया है.
20 दिनों में तैयार होगा शूटिंग सेट
यीडा द्वारा लेआउट प्लान को मंजूरी दिए जाने के बाद परियोजना के पहले चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के जीएम राजीव अरोड़ा ने बताया कि शूटिंग की तैयारियों के साथ-साथ फिल्म सिटी के निर्माण कार्य की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है. जमीन की मैपिंग पूरी होने के बाद करीब 20 दिनों के भीतर शूटिंग सेट तैयार कर लिया जाएगा, जिससे फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियां शुरू हो सकेंगी.
PM मोदी-CM योगी जल्द करेंगे शुभारंभ
इसके साथ ही फिल्म सिटी के निर्माण का कार्य भी शुरू हो जाएगा और जल्द ही सीएम योगी व पीएम मोदी के कर कमलों से इसका विधिवत शुभारंभ होने की संभावना है. उन्होंने बताया कि बोनी कपूर की कंपनी ने ही 2017 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म ‘मॉम’ को प्रोड्यूस किया था और अब उन्होंने इसके दूसरे पार्ट की शूटिंग को यूपी में करने का फैसला लिया है. इंटरनेशनल फिल्म सिटी, यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-21 में विकसित की जा रही है.
नोएडा बनेगा एंटरटेनमेंट और एवियेशन हब
यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, जिसका मकसद उत्तर प्रदेश को फिल्म, ओटीटी, वेब सीरीज़ समेत एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाना है. जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास विकसित हो रही यह फिल्म सिटी आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कनेक्टिविटी और वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं के साथ प्रदेश को एक एंटरटेनमेंट और एवियेशन हब के रूप में स्थापित करेगी.
