34 लाख का पैकेज, फिर भी नकली नोटों का खेल! नोएडा के IT इंजीनियर की करतूत ने सबको चौंकाया
नोएडा का एक IT इंजीनियर 34 लाख सालाना पैकेज के बावजूद नकली नोट छापने के आरोप में गिरफ्तार हुआ है. फरीदाबाद के एक होटल में उसने लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से जाली नोट तैयार किए. खुद शिक्षित और माता-पिता के सरकारी सेवा में होने के बावजूद यह करतूत हैरान करने वाली है.
नोएडा के एक IT इंजीनियर को हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने नकली नोट छापने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी एक होटल में दो दिन तक रुक रहा और कमरे में कथित तौर पर नकली नोट तैयार कर रहा था. जब वह कमरे को बाहर से ताला लगाकर गायब हो गया तो होटल कर्मचारियों को शक हुआ और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी.
फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सरूरपुर थाना पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 404-B को खुलवाया, कमरे से लैपटॉप, प्रिंटर, विशेष कागज, 500 और 100 के 10 नकली नोट बरामद किए गए. होटल में जमा कराई गई आईडी के आधार पर आरोपी की पहचान नोएडा के विनायक झा के रूप में हुई. पुलिस ने दबिश देकर उसकी गिरफ्तारी की है.
माता-पिता की सरकारी नौकरी, खुद IT इंजीनियर
आरोपी विनायक झा की शैक्षणिक और आर्थिक पृष्ठभूमि जानकर हर कोई हैरान है. जांच में सामने आया है कि आरोपी एक आईटी कंपनी में इंजीनियर है और उसका सालाना पैकेज करीब 34 लाख रुपए है. उसके पिता सरकारी विभाग में कार्यरत हैं जबकि मां भी सरकारी सेवा में उच्च पद पर हैं. आरोपी ने बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठ संस्था से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है.
अब करीब 34 लाख रुपये सालाना पैकेज पर काम करने वाला यह इंजीनियर कथित तौर पर नकली नोट छापने के अवैध कारोबार में शामिल पाया गया. इसकी करतूत ने पुलिस को भी चौंका दिया है कि इतना पढ़ा-लिखा, आर्थिक और परिवारिक रूप से संपन्न, बड़े आईटी कंपनी में इंजीनियर इस तरह की गतिविधियों में कैसे शामिल हो सकता है.
लैपटॉप प्रिंटर की कराई जाएगी फोरेंसिक जांच
पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से लैपटॉप प्रिंटर और अन्य उपकरण बरामद किए है, जिनकी अब फोरेंसिक जांच मगी. इससे यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी पहले भी नकली नोट तैयार कर चुका है या नहीं. साथ ही जांच की जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.