भोले बाबा करा दो मेरो ब्याह… मन्नत के साथ मुस्लिम लड़की ने चढ़ाई कांवड़, वायरल हो रहा Video

ग्रेटर नोएडा में मुस्लिम युवती उष्मा खान ने अपने प्रेम विवाह की मन्नत पूरी होने के लिए महाशिवरात्रि पर भोले बाबा को कांवड़ चढ़ाई. वह हिंदू युवक से शादी करना चाहती हैं. यह अंतरधार्मिक प्रेम और शिव में उनकी अटूट आस्था का प्रतीक बन गया है. सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसने समाज में नई बहस छेड़ दी है.

कांवड़ लेकर पहुंची मुस्लिम लड़की

वैसे तो लोग शादी ब्याह की मन्नत के साथ भगवान शिव की पूजा करते ही है, लेकिन अब मुस्लिम युवती ने इसी मंशा के साथ कांवड़ उठाया है. ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के भाईपुर गांव स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर पहुंची इस मुस्लिम युवती की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहे हैं. दरअसल, इस युवती ने अपने प्यार के खातिर महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ को कांवड़ चढ़ाई है.

यह युवती अनूपशहर से कांवड़ लेकर ग्रेटर नोएडा पहुंची. रबूपुरा कस्बे के रहने वाली ऊष्मा खान ने बताया कि वह पिछले करीब 4 वर्षों से लोकेंद्र मीणा नामक युवक के साथ रिलेशन में है. वह लोकेंद्र के साथ ही शादी करना चाहती है. चूंकि लोकेंद्र हिंदू समुदाय से ताल्लुक़ रखता है, इसलिए यह अड़चन भोले बाबा ही खत्म कर सकते हैं. ऊष्मा खान के मुताबिक लोकेंद्र के साथ विवाह के लिए ही उसने भोले बाबा से मन्नत मांगी थी और अब महाशिवरात्रि के मौके पर कावड़ चढ़ा कर जलाभिषेक किया है.

सोशल मीडिया में खूब हो रही चर्चा

मुस्लिम महिला द्वारा मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद अब महिला आसपास के इलाके के अलावा सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बन गई है. हिंदू संगठन से जुड़े लोग इस बात से खुशी जाहिर कर रहे हैं. वहीं मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने नाराजगी जताई है. इसके जवाब में ऊष्मा खान का कहना है कि यह सब उन्होंने अपनी मर्जी से किया है. इसके लिए ना तो किसी ने सलाह दी और ना ही कोई दबाव है. बल्कि उसने भगवान शिव में विश्वास की वजह से कांवड़ उठाया है.

शिव में जताई आस्था

ऊष्मा के मुताबिक उसकी भगवान शिव में आस्था है और उसे पूरी उम्मीद है कि भगवान भोलेनाथ उसकी मनोकामना जरूर पूरी करेंगे. कांवड़ उठाने और भगवान शिव के जलाभिषेक के सवाल पर कहा कि वह ना तो समाज की चिंता करती हैं और ना ही धर्म से जुड़े लोगों की. उसे भगवान शिव में आस्था है, इसलिए वह उनकी पूजा भी करती है.