नोएडा-गाजियाबाद में बढ़ी गर्मी, 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा पारा; जानें इस हफ्ते का मौसम
नोएडा-गाजियाबाद सहित पूरे उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है. प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, जिससे दोपहर में लू की स्थिति बनने लगी है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस पूरे हफ्ते आसमान साफ रहेगा और अप्रैल में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. बीते दो तीन दिनों में ही प्रदेश में 3-5 डिग्री तापमान बढ़ा है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
कुछ दिनों की आंधी-पानी के मौसम सुहाना हुआ, लेकिन बीते तीन दिनों से मौसम गर्म होने लगा है. नोएडा-गाजियाबाद में तो तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. वहीं गोरखपुर-महाराजगंज में भी तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज 13 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान 35 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी. इससे दोपहर के वक्त लू चलने का एहसास हो सकता है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक इस पूरे हफ्ते आसमान साफ रहने की संभावना है. इसकी वजह से सूर्य की तीखी किरणें धरती पर सीधी पड़ेंगी और गर्मी बढ़ेगी. इस बुलेटिन के मुताबिक इस हफ्ते नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, मेरठ मुरादाबाद एवं मथुरा समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहेगा. सबसे ज्यादा गर्मी बुंदेलखंड के जिलों में देखने को मिल सकती है.
पूरे प्रदेश में बढ़ी गर्मी
बीते दो दिनों में ही उत्तर प्रदेश का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है. 12 अप्रैल रविवार को ही प्रदेशवासियों को तेज गर्मी का एहसास हुआ. खासतौर पर झांसी और प्रयागराज में पारा चढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. इसी प्रकार राजधानी लखनऊ में 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया है. यही स्थिति बलिया-बनारस समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों में भी देखी गई.
इस महीने में बारिश के आसार नहीं
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक इस महीने प्रदेश में किसी नए वेदर सिस्टम के एक्टिव होने के चांस नजर नहीं आ रहे. ऐसे में महीने के बाकी बचे दिनों में पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस महीने में अब एक भी दिन बारिश होने की संभावना नजर नहीं आ रही. हालांकि बीच बी में हवा का रुख बदल सकत है. इससे आसमान में बादलों की आवाजाही रह सकती है.