नोएडा के सेक्टर-4 में बिजली का मीटर बनाने वाली कंपनी में लगी भीषण आग, 12 कर्मचारी झुलसे
नोएडा के सेक्टर 4 में एक मीटर बनानी वाली कंपनी में आग लगने से हड़कंप मच गया.अपनी जान बचाने की जद्दोजहद में करीब एक दर्जन कर्मचारी झुलस गए हैं. प्रशासन की तरफ से उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल, आग बुझाने की कवायद जारी है.
नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक बिजली का मीटर बनाने वाली कंपनी में आज सुबह यानी 12 मार्च को भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि पूरी इमारत धुएं के गुबार में तब्दील हो गई. हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर कई कर्मचारी काम कर रहे थे. कई कर्मचारी आग की लपटों के बीच फंस गए. 12 कर्मचारियों को आग से झुलसने की खबर आ रही है. इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. दमकल की 25 से ज्यादा गाड़िया आग को बुझाने में लगी हुई हैं.
सुबह 5.30 मिनट पर लगी भीषण आग
‘बी-40 कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड’ नाम की फैक्ट्री में आग लगने की गुबार को कई किलोमीटर दूर से देखा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री की तीन मंजिला इमारत में सुबह करीब 5:30 बजे अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इससे पूरी फैक्ट्री में हड़कंप मच गया. अपनी जान बचाने की जद्दोजहद में करीब एक दर्जन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
आग बुझाने का प्रयास जारी
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की 25 यूनिट्स को काम पर लगाया गया है. दमकल कर्मी जान जोखिम में डालकर इमारत के अंदर फंसे लोगों को निकालने और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. राजीव नारायण मिश्रा, ज्वाइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर का कहना है कि हमारी पहली प्राथमिकता आग को बुझाने और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने की है. शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगी. इसकी जांच पुलिस और फायर विभाग द्वारा की जाएगी.