भाई-बहन के बीच फॉर्च्यूनर कार को लेकर विवाद, थाने के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा

नोएडा के सेक्टर-113 थाना परिसर के बाहर फॉर्च्यूनर कार के मालिकाना हक को लेकर भाई-बहन के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. कार को ले जाने से रोकने के लिए महिला वाहन के आगे सड़क पर लेट गई, जिससे काफी देर तक हंगामा होता रहा. पुलिस के अनुसार, विवाद कार के स्वामित्व और कथित 32 लाख रुपये के लेनदेन से जुड़ा है. भाई ने कार बिकने का दावा किया, जबकि बहन ने इसे खारिज कर दिया.

रजनी मलिक ने भाई पर लगाया आरोप

नोएडा के सेक्टर-113 थाना परिसर के बाहर रविवार को एक फॉर्च्यूनर कार के मालिकाना हक को लेकर भाई-बहन के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. कार को अपने साथ ले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि महिला कार के आगे लेट गई और अपने भाई को वाहन ले जाने से रोकने लगी. काफी देर तक थाना परिसर के बाहर अफरातफरी का माहौल बना रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-12 निवासी रजनी मलिक ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई जसवीर मान कुछ समय पहले उनकी फॉर्च्यूनर कार लेकर गए थे, लेकिन वापस नहीं कर रहे हैं. शनिवार को कार के नोएडा के सफीपुर गांव में होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने वाहन को बरामद कर सेक्टर-113 थाने में खड़ा करा दिया. इसके बाद दोनों पक्ष रविवार को थाने पहुंचे और कार पर अपना-अपना दावा करने लगे.

32 लाख रुपये में कार बेचने का दावा, बहन ने किया खारिज

जसवीर मान ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन रजनी मलिक यह फॉर्च्यूनर कार पहले ही 32 लाख रुपये में उनके साले को बेच चुकी हैं. उन्होंने दावा किया कि पारिवारिक विवाद के चलते अब तक वाहन का ट्रांसफर नहीं हो सका है. इसके समर्थन में उन्होंने पुलिस को लेनदेन से जुड़े कुछ दस्तावेज भी दिखाए और लिखित रूप से कार की जिम्मेदारी अपने साले की होने की बात कही. वहीं, रजनी मलिक ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया.

कार के आगे लेट गई महिला, मचा हंगामा

रजनी मलिक का कहना है कि कार कभी बेची ही नहीं गई. उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ आर्थिक लेनदेन जरूर हुआ था, लेकिन उससे वाहन के स्वामित्व का कोई संबंध नहीं है और कार आज भी उनके नाम पर है. विवाद उस समय और बढ़ गया जब जसवीर मान कार लेकर जाने लगे. इसका विरोध करते हुए रजनी मलिक कार के ठीक आगे सड़क पर लेट गईं और वाहन को आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान थाना परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई.

इंदिरापुरम थाने को भेजा जाएगा मामला

काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और किसी तरह विवाद शांत कराया. सेक्टर-113 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला भाई-बहन के बीच कार के स्वामित्व और लेनदेन से जुड़ा है. इस संबंध में पहले से इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज है, इसलिए पूरे प्रकरण को वहीं भेजा जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us