नोएडा में समलैंगिक रिश्ते के विरोध पर महिला की हत्या, बेटे के दोस्त ने उतारा मौत के घाट

नोएडा में समलैंगिक संबंध को लेकर एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई. मृतक महिला का बेटा और आरोपी दोस्त गहरे मित्र थे, जिनके बीच समलैंगिक रिश्ते थे. महिला इस रिश्ते के विरोध में थी और इसी के चलते बेटे के दोस्त ने मां को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

नोएडा हत्याकांड: समलैंगिक संबंध बना हत्या की वजह Image Credit:

नोएडा के सेक्टर 113 थाना क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई. यह घटना 15 अप्रैल की बताई जा रही है. पुलिस ने शुरुआत में मामला को सामान्य आपसी विवाद बताया, लेकिन जांच के दौरान जो वजह सामने आई उसने सभी को चौका दिया. दरअसल, समलैंगिक रिश्ते का विरोध करने पर महिला की चाकू गोदकर हत्या की गई थी.

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक महिला के बेटे का अपने दोस्त के साथ समलैंगिक रिश्ते थे. दोनों अपना वक़्त एक दूसरे के साथ बिताते थे. इसकी भनक मृतक महिला को लगने पर वह इसका विरोध कर रही थी. कई बार इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हो चुकी थी. आखिर में बेटे के दोस्त ने ही उसकी मां की बेरहमी से हत्या कर दी.

मौसी की बेटी की शादी दोस्त से कराना चाहता था

जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान फूलजहां के रूप में हुई है. उसके बेटे का नाम मोहसिन है, जबकि आरोपी दोस्त मोहम्मद शफीक उर्फ जावेद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी मौसी की बेटी की शादी मृतका के बेटे मोहसिन से करवाना चाहता था ताकि उसका रिश्ते ऐसे ही चलता रहे.

मृतका इस प्रस्ताव के खिलाफ थी और उसने बार-बार इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया थी. इसी कारण आरोपी के मन में लगातार नाराजगी बढ़ती गई. घटना वाले दिन आरोपी एक बार फिर इसी मुद्दे पर बात करने के लिए मृतका फूलजहां के घर पहुंचा. लेकिन महिला ने उसे फिर से खारिज कर दिया. इसी पर आरोपी ने उसे चाकूओं से मौत के घाट उतार दिया.

संबंध को खत्म नहीं करना चाहता था, जुर्म कबूला

हत्या की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से देखते हुए तुरंत जांच शुरू की. स्थानीय लोगों से पूछताछ, तकनीक साक्ष्य और सर्विलांस के माध्यम से आरोपी की तलाश की गई. लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को नोएडा के तिवोली फार्म हाउस के पास गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया और उसने बताया कि वह मृतका के बेटे के साथ अपने संबंध को खत्म नहीं करना चाहता था लेकिन महिला लगातार इसका विरोध कर रही थी. उसने गुस्से में यह कदम उठाया और महिला की हत्या कर दी.

Follow Us